Breaking : फिल्मी अंदाज में कार ओवरटेक कर प्रापर्टी डीलर पर बरसाईं तड़ातड़ गोलियां
घटना बुधवार शाम करीब सात बजे रजबपुर थाना क्षेत्र में अतरासी हसनपुर मार्ग पर गांव रायपुर शहजादपुर के मोड़ पर हुई। मूल रूप से जनपद सम्भल के असमोली थाना क्षेत्र के गांव भवालपुर बांसली के रहने वाले विजयपाल सिंह मुरादाबाद की बुद्धि विहार कालोनी में रहते हैं।
अमरोहा, जेएनएन। पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल की माता के अंतिम संस्कार से घर लौट रहे प्रापर्टी डीलर की कार को ओवरटेक बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। कार चला रहे प्रापर्टी डीलर को चार गोली लगी हैं। कार में दो युवक और भी थे। उनको एक भी गोली नहीं लगी। कार सवार हमलावर फायरिंग करते हुए भाग गए। फौरन ही प्रापर्टी डीलर को मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना बुधवार शाम करीब सात बजे रजबपुर थाना क्षेत्र में अतरासी हसनपुर मार्ग पर गांव रायपुर शहजादपुर के मोड़ पर हुई। मूल रूप से जनपद सम्भल के असमोली थाना क्षेत्र के गांव भवालपुर बांसली के रहने वाले विजयपाल सिंह मुरादाबाद की बुद्धि विहार कालोनी के सेक्टर 4-ए में रहते हैं। उनका छोटा बेटा मोहित चौधरी प्रापर्टी डीलर है और ग्राम पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहा है। लिहाजा वह गांव में ही आकर रहने लगा है। मोहित चौधरी मुरादाबाद के चर्चित दीपक चौहान मर्डर केस में जमानत पर जेल से बाहर है। बुधवार को मोहित चौधरी गांव के ही अपने साथी भूरा व पास के गांव सलारपुर निवासी प्रदीप कुमार के साथ पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल की माता के अंतिम संस्कार में शामिल होने गया था। शाम को तीनों युवक कार में सवार होकर घर लौट रहे थे। जब वह अतरासी से हसनपुर रोड पर गांव रायपुर शहजादपुर के पास पहुंचे तो पीछे से आई कार ने उनकी कार को ओवरटेक किया और आगे लगा दी। इसके बाद कार सवार युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। घटना में मोहित को चार गोली लगी हैं। घटना को अंजाम देकर हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए भाग गए। ताबड़फोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। दोनों तरफ के वाहन भी थम गए। घटना में मोहित के साथ कार में मौजूद दोनों युवक ठीक हैं। उनको एक भी गोली नहीं लगी। घटना के फौरन बाद मोहित को मुरादाबाद के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे तो वहां कोई जानकारी नहीं मिली। मोहित के चाचा कृपाल सिंह ने बताया कि गोली मारने वाले कौन थे इस बारे में अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता। जल्द ही तहरीर दी जाएगी।