मुरादाबाद मंडल के बसपा सेक्टर प्रभारी बोले- धर्म की राजनीति करती है भाजपा
मुख्य सेक्टर प्रभारी ने बसपा कार्यकर्ताओं की बैठक में कहा कि जब भी बसपा की सरकार बनती है तो सर्व समाज को मान-सम्मान मिलता है लेकिन दूसरी सरकारें आने पर लोग खुद को ठगा सा महसूस करते हैं।
मुरादाबाद, जेएनएन। Bahujan Samajwadi Party meeting। मुरादाबाद मंडल के मुख्य सेक्टर प्रभारी साजिद सैफी ने कहा कि भाजपा सरकार अन्नदाता की बात को हठधर्मिता के कारण नहीं मान रही है, सरकार तीनों कृषि कानूनों को शीघ्र वापस ले। भाजपा धर्म की राजनीति करती है, भाई को भाई से लड़ाने का काम करती है। समाजवादी पार्टी धोखेबाज है, इस पर कभी भी भरोसा नहीं किया जा सकता। बसपा सर्व समाज की पार्टी है।
सेक्टर प्रभारी रामपुर जिले में बसपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब भी बसपा की सरकार बनती है तो सर्व समाज को मान-सम्मान मिलता है। खासतौर पर मुस्लिम समाज को सरकार में उचित भागीदारी देकर बहन जी मान-सम्मान देती हैं। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सागर ने कहा कि 15 जनवरी को बहन जी का 65वां जन्मदिन जन कल्याण दिवस के रूप में मनाया जाएगा। गरीबों व असहाय लोगों की सहायता की जाएगी। कहा कि कड़ाके की ठंड में सरकार ने प्रदेश की जनता के लिए कुछ नहीं किया। जब प्रदेश में बसपा की सरकार थी तो बहन जी ने गरीबों के कल्याण के लिए बहुत सी योजनाएं चलाई थीं। इस समय देश का गरीब, किसान, मजदूर बहुत परेशान है। सरकार तो अंबानी और अडानी को ही लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है। देश का अन्नदाता शीतलहर में सड़कों पर पड़ा है। सरकार उनकी समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है। सरकार को किसानों की बात भी सुननी चाहिए, कानून जब उन्हें एतराज है तो इसे खत्म क्यों नहीं किया जा रहा है। यह किसानों के साथ नाइंसाफी है।