वरमाला लेकर स्टेज की ओर बढ़ी थी दुल्हन, बीडीसी चुनाव में जीत मिलते ही शादी के लाल जोड़े में पहुंच गई प्रमाण पत्र लेने
मुरादाबाद मंडल के रामपुर में पंचायत चुनाव की मतगणना के दौरान एक अलग ही नजारा देखने को मिला। एक नई नवेली दुल्हन को शादी के लाल जोड़े में देखकर हर कोई अवाक रह गया। बाद में पता चला कि वह बीडीसी प्रत्याशी है और उसने जीत हासिल की है।
मुरादाबाद, जेएनएन। रामपुर में पंचायत चुनाव की मतगणना के दौरान मिलक मंडी समिति में विजयी प्रत्याशियों को जीत के प्रमाण पत्र बांटे जा रहे थे। मतगणना रात भर चलती रही। इस दौरान जीत का प्रमाण पत्र लेने आई एक महिला प्रत्याशी को देख हर कोई हैरत में पड़ गया। उसके हाथों में मेहंदी लगी थी। शादी का लाल जोड़ा पहना था और गहनों से लदी थी। दुल्हन को इस तरह मतगणना स्थल पर देख सभी की निगाहें उसकी ओर टिक गईं। बाद में पता चला कि वह सच में दुल्हन है और उसकी शादी हो रही थी। उसे जीत की जानकारी मिली तो जयमाला बीच में छोड़कर मंडप से सीधे मतगणना स्थल प्रमाण पत्र लेने पहुंच गई।
शादी के जोड़े में जीत का प्रमाण पत्र लेने पहुंची यह दुल्हन मिलक ब्लाक के मोहम्मदपुर जदीद गांव की पूनम थी। रविवार का दिन उसके लिए बहुत खास था। उसकी शादी हो रही थी। वह और उसके स्वजन खुश थे। घर में खुशियां चहक रही थीं। घर में महिलाएं मंगलगीत गा रही थीं। आखिर में जयमाला का समय आ गया। पूनम वरमाला लेकर लिए स्टेज की ओर बढ़ी। इसी बीच उसे पता चला कि वह बीडीसी (क्षेत्र पंचायत सदस्य) का चुनाव जीत गई है। यह सुनकर पूनम और उसके परिवार वालों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसके स्वजनों ने दूल्हे और उनके परिवार वालों से बात की। उनकी सहमति मिलने पर जयमाला का कार्यक्रम बीच में ही रोक दिया और पूनम स्वजनों के साथ मतगणना स्थल पर पहुंच गई। जीत का प्रमाण पत्र हासिल किया। इसके बाद पूनम वापस घर लौटी। जयमाला की रस्म पूरी की और अपने जीवनसाथी संग सात फेरे लेकर सुबह ससुराल के लिए विदा हो गई।
31 वोटों से जीता पूनम ने चुनाव
मिलक ब्लाक के गांव मोहम्मदपुर जदीद गांव निवासी गंगा सरन की बेटी पूनम शर्मा ने वार्ड नंबर 135 से बीडीसी मेंबर का चुनाव लड़ा था। दो मई को उसकी शादी बरेली जिले के शाही थाना क्षेत्र के बफरी गांव निवासी एक युवक के साथ तय हुई थी। यही तारीख मतगणना के लिए तय थी। रविवार को जिस वक्त उसके दरवाजे पर बारात आ रही थी, उसी समय मतगणना स्थल पर उसके भाग्य का फैसला भी हो रहा था। घर वाले शादी में मशगूल तो थे लेकिन बार-बार एजेंट के जरिए मतगणना अपडेट भी लिया जा रहा था। रात करीब 10 बजे पता चला कि पूनम ने चुनाव जीत लिया है। रिटर्निंग अफसर ने बताया कि पूनम को 601 वोट मिले हैं और वह 31 मतों के अंतर से चुनाव जीती है। रिटर्निंग अफसर ने लाल जोड़े में सजी-धजी दुल्हन पूनम को जीत के साथ ही शादी की भी बधाई दी।