हमारे पूर्वजों की पहचान मिटाना चाहती है भाजपा : नूरबानो Rampur News
कांग्रेस की पूर्व सांसद और बेगम नूरबानो ने नागरिक संशोधन बिल को लेकर नाराजगी जताई है।
रामपुर : कांग्रेस की पूर्व सांसद और बेगम नूरबानो ने नागरिक संशोधन बिल को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने इसको लेकर भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस पर प्रहार किया है। कहा कि नागरिकता संशोधन विधेयक संविधान पर सीधे रूप से किया गया हमला है। जो भी इसका समर्थन करता है वह देश की बुनियाद पर हमला कर इसे नष्ट करने का प्रयास कर रहा है।
नागरिकों को आपस में बांटना देश के संविधान में नहीं
उनका कहना है कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक के समान अधिकार की बात करता है, जबकि भाजपा द्वारा लाया गया नागरिकता संशोधन बिल उन्हें बांटने की मंशा लिए हुए है। नागरिकों को आपस में बांटना देश के संविधान में नहीं है। यह सबक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाओं और किताबों में ही सिखाया जाता है। सरकार का यह बिल भारत के संविधान को हटाकर आरएसएस के विधान को लाने की ओर बढ़ाया गया कदम है। हमारा संविधान सारे धर्मों, जातियों और संस्कृतियों के साथ ही गरीब, पिछड़े एवं असहाय वर्ग की रक्षा करता है। सरकार ने लोकसभा में नागरिकता संशोधन बिल पारित करके बंटवारे की पुष्टि कर दी है। हमारे पूर्वजों ने आजादी के लिए जान की बाजी लगाई थी। देश के लिए उनका योगदान भी काफी रहा है। सरकार इस बिल को लाकर हमारे पूर्वजों की पहचान को मिटा देना चाहती है।