मुरादाबाद में बाइक सवार बदमाशों ने इंजीनियर की बीवी की चेन लूटी
Engineer wife robbed सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बाइकर्स गैंग ने की वारदात। मुकदमा दर्ज कर बाइकर्स गैंग की तलाश में जुटी पुलिस। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए लेकिन बदमाशों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई।
मुरादाबाद। बाइकर्स गैंग का हव्वा एक बार फिर शहर में खड़ा होने लगा है। बाइक सवार बदमाशों ने गुरुवार देर रात सिंचाई विभाग के एक इंजनीयर की पत्नी के गले की चेन लूट ली। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अभियोग दर्ज करते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। तीन दिनों के भीतर शहर में चेन लूट की यह दूसरी घटना है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में ट्यूबवेल कालोनी के रहने वाले मनोज कुमार पेशे से इंजीनियर हैं। वह सिंचाई विभाग में सहायक अभियंता(एई) के पद पर कार्यरत हैं। मनोज सिंह के मुताबिक गुरुवार रात वह अपनी पत्नी गुड्डी के साथ सब्जी व फल खरीदने घर से निकले। पीटीसी तिराहे पर दंपती फल खरीद रहे थे। तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर गुड्डी के गले से सोने की चेन लूट ली। सरेराह वारदात से हक्का बक्का दंपती कुछ समझ पाते इसके पहले ही बाइक सवार बदमाश रफूचक्कर हो गए। बदमाशों के सिर पर हेलमेट था। काले रंग की बाइक पर सवार बदमाश पीएसी तिराहे की ओर भागे। दंपती ने तत्काल घटना की जानकारी डायल 112 पर पुलिस को दी। सूचना के तत्काल बाद सिविल लाइन पुलिस ने बदमाशों की घेरेबंदी की कोशिश की। इसके बाद भी बदमाश भागने में सफल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित दंपती से बात की। उन्होंने बाइक सवार बदमाशों की अविलंब गिरफ्तारी के आदेश थाना प्रभारी नवल मारवाहा को दिया। बदमाशों तक पहुंचने के प्रयास में पुलिस सिविल लाइन रोड के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल बदमाशों की पहचान नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।