सम्भल से बड़ी खबर, घर से भागे प्रेमी युगल ने खाया जहर, युवती की मौत
घर से भागकर अपनी अलग दुनिया बसाने निकले दो प्रेमियों ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खा लिया।
सम्भल। चन्दौसी के बनियाठेर थाना क्षेत्र में शादी करने के इरादे से घर से भागे प्रेमी युगल ने खेताें पर जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे दोनों की हालत बिगड़ गई। पूरी रात दोनों खेत के किनारे पड़े रहे। शनिवार को सुबह लोग खेतों की तरफ गए तो युवक युवती को देख उन्होंने शोर मचा दिया। शोर शराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवक की सांसे चलती देख दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने युवती को मृत घोषित कर दिया।
गांव बनियाखेड़ा निवासी हरीश कुमार के बेटे संदीप कुमार का गांव के ही नंदराम की बेटी ममता (20) से प्रेम प्रसंग चला आ रहा था। शुक्रवार की रात 11 बजे दोनों शादी करने के इरादे से घर से निकल गए। पहले खेत पहुंचे और बात की। बाद में घर से साथ लाए जहर दोनों ने खा लिया। इससे दोनों की हालत बिगड़ गई। पूरी रात प्रेमी युगल मक्का के खेत के किनारे पड़े रहे। शनिवार को लगभग 8 बजे कुछ लोग खेतों की तरफ गए तो दोनों पड़ा देख उन्होंने शोर मचा दिया। युवक के स्वजन भी पहुंच गए। ग्रामीणों ने दोनों को शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां युवती को मृत घोषित कर दिया। युवती के गले पर भी निशान है। गंभीर हालत में युवक को मुरादाबाद रेफर कर दिया है। पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल कर रही है। जानकारी होने के बाद भी युवती के स्वजन अस्पताल नहीं पहुंचे हैं।