Bhai Dooj 2020 : रामपुर में रोडवेज बस के इंतजाम नाकाफी, भटकती रहीं बहनें
Bhai Dooj 2020 भैया दूज पर रामपुर रोडवेज की ओर से किए गए बसों के इंतजाम नाकाफी साबित हुए। स्टैंड पर इतनी भीड़ थी कि काफी मशक्कत के बाद भी सीट नहीं मिल पा रही थी। लोगों को प्राइवेट वाहनों का सहारा लेना पड़ा।
रामपुर, जेएनएन। भैया दूज पर बहनों की सुविधा के लिए किए गए रोडवेज के इंतजाम नाकाफी साबित हुए। बहनें बसों की तलाश में इधर उधर भटकती रहीं। इससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
भैयादूज पर सोमवार सुबह से ही बहनों का भाईयों के पास आने जाने का सिलसिला शुरू हो गया। गांव से लेकर शहर तक बहनों की भीड़ उमड़ आई। ज्यादातर लोगों ने आवागमन के लिए बसो व टेंपो का इस्तेमाल किया। नतीजतन, रोडवेज से टेंपो स्टेंड तक भीड़ ही भीड़ हो गई। रोडवेज को इसका पहले से ही अंदेशा था, जिसके चलते बसों के मुकम्मल इंतजाम किए गए थे।
64 बसें लगाई गईं थीं। लेकिन, इसके बाद भी बसें कम पड़ गईं। रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों को घंटों इंतजार के बाद भी बसें नहीं मिल पा रही थीं। दूसरे डिपो से आने वाली बसें भी पूरी तरह फुल रहीं। कोरोना से बचाव के लिए शारीरिक दूरी बनाए रखने के नियम की भी अनदेखी की गई।। रोडवेज बस स्टैंड, मालगोदाम तिराहा, राधा सिनेमा, सिविल लाइंस थाने के सामने, आंबेडकर पार्क के सामने यात्री बसों का इंतजार करते नजर आए। इस दौरान बहनों को काफी परेशानियां हुईं। बावजूद इसके सफर की मुश्किलें भी बहनों का हौसला नहीं तोड़ पाईं और वे अपने भाइयों को तिलक करने पहुंची। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कपिल वार्ष्णेय ने बताया कि यात्रियों की उपलब्धता के हिसाब से बसों का संचालन किया गया। मसलन, जहां की ज्यादा सवारी दिखीं, वहां ही बस को रवाना कर दिया गया।
डग्गामार वाहनों की रही चांदी
भैया दूज पर डग्गामार वाहनों की चांदी रही। वाहन चालकों ने सवारियां ठूंस ठूंस कर भरीं। इससे महिला यात्रियों को काफी दिक्कतें हुईं। रोडवेज स्टैंड के सामने टेंपो चालक सवारी भरते रहे।