बेगम नूरबानो का होर्डिंग उतारा तो भड़के कांग्रेसी बोले, आजम के इशारे पर उतरवाए
जनपद रामपुर में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब नगर पालिका कर्मचारियों ने बेगम नूरबानों का होर्डिंग उतारा। कांग्रेसी नेताओं की इस मामले को लेकर कर्मचारियों से जमकर नोकझोंक हुई।
रामपुर (जेएनएन): जनपद रामपुर में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब नगर पालिका कर्मचारियों ने बेगम नूरबानों का होर्डिंग उतारा। कांग्रेसी नेताओं की इस मामले को लेकर कर्मचारियों से जमकर नोकझोंक हुई। पुलिस के समझाने पर ही मामला शांत हुआ।
गुरुवार को पालिका के कर्मचारी स्टार चौराहे पर होर्डिंग उतार रहे थे। इस दौरान कांग्रेस का होर्डिंग भी उतारा गया। इसमें वरिष्ठ नेता बेगम नूरबानो की फोटो भी चस्पा थी। अब जब कांग्रेसियों को इसकी जानकारी हुई तो वह फौरन भारी संख्या में एकत्र होकर मौके पर आ गए।
आजम के इशारे पर उतरवाए गए होर्डिंग
पूर्व मंत्री मोहम्मद आजम खां के इशारे पर होर्डिंग उतारने का आरोप लगाते हुए पालिकाकर्मियों से भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। लोकसभा क्षेत्र अध्यक्ष नोमान खां के अनुसार इस दौरान पालिका कर्मियों ने बताया कि वे उप जिलाधिकारी के निर्देश पर होर्डिंग उतार रहे हैं। जब इस विषय में फोन पर एसडीएम से बात की गई तो उन्होंने कोई भी निर्देश देने से इंकार कर दिया। इस पर पालिकाकर्मी तरह-तरह की बातें बनाने लगे।
पुलिस ने समझाया
इस दौरान थाना सिविल लाइंस प्रभारी सुधीर कुमार भी फोर्स संग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्षों की बात सुन मामले को शांत कराने का प्रयस किया। होर्डिंग दोबारा लगाने पर ही कांग्रेसी शांत हुए। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष मुतीउर्रहमान खां, नगर अध्यक्ष मामून शाह, लोकसभा क्षेत्र अध्यक्ष नोमान खां, आदिल मियां, कुमार एकलव्य, आमिर मियां, एजाज खां व वासिक आदि उपस्थित रहे।