मुरादाबाद में किसानों के प्रवेश पर रोक, मूंढापांडे टोल प्लाजा पर फोर्स तैनात
Delhi Farmer Movement टोल प्लाजा पर तैनात दो सीओ पांच थानेदार और 500 पुलिसकर्मी। दिल्ली जाने वाले सभी मार्गों पर पुलिस में बैठाया पहरा। सुबह से ही टोल प्लाजा पर पुलिसकर्मी मुस्तैद हो गए। वाहनों की सघन जांच हो रही है। पुलिस किसानों की कड़ी निगरानी कर रही है!
मुरादाबाद, जेएनएन। दिल्ली जाने वाले किसानों के मुरादाबाद में प्रवेश पर एक बार फिर से रोक लगा दी गई है। रामपुर, बरेली, उत्तराखंड, पीलीभीत और बदायूं समेत प्रदेश और देश के विभिन्न जिलों से दिल्ली की ओर बढ़ रहे किसानों को रोकने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 24 पर भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
मूंढापांडे टोल प्लाजा को एक बार फिर पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। मुरादाबाद जिला प्रशासन को एक बार फिर इनपुट मिला है कि किसानों की भीड़ मुरादाबाद से होकर दिल्ली जाने की तैयारी कर रही है। शासन ने किसानों को हर हाल में रोकने के आदेश दिए हैं। इस दिशा-निर्देश के बाद प्रशासनिक अमला हाई अलर्ट पर है। गुरुवार देर रात से ही जिले की नाकेबंदी शुरू कर दी गई। इसके तहत मूंढापांडे टोल प्लाजा पर दो क्षेत्राधिकारी व पांच थानेदारों के नेतृत्व में करीब 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। शुक्रवार सुबह से ही टोल प्लाजा पर पुलिसकर्मी मुस्तैद हो गए। वाहनों की सघन जांच हो रही है। पुलिस दिल्ली जाने वाले किसानों की कड़ी निगरानी कर रही है। मूंढापांडे टोल प्लाजा पर इस बार पुलिसकर्मियों के खाने-पीने तक के इंतजाम किए गए हैं। पुलिस की इस बड़ी तैयारी से साफ है कि किसानों को हर हाल में दिल्ली जाने से रोकने के निर्देश उसे दिए गए हैं। तीन दिन पहले 22 दिसंबर को रामपुर की सीमा से करीब 15 किसान पुलिस की बेरिेकेडिंग तोड़कर मुरादाबाद में प्रवेश कर गए थे। पुलिस द्वारा राह में रोड़े डालने से खफा किसानों ने एसएसपी प्रभाकर चौधरी रामपुर के एसपी शगुन गौतम के वाहन पर हमला बोल दिया था। करीब आठ घंटे तक मूंढापांडे टोल प्लाजा पर आवागमन बाधित रहा। उपजे संकट से पार पाने के लिए पुलिस अकादमी के एडीजी राजीव कृष्ण को हस्तक्षेप करना पड़ा। रात 10:00 बजे किसानों को दिल्ली जाने की अनुमति मिली। इस बार भी पुलिस किसानों को रोकने के लिए पूरी ताकत दिखाने के मूड में है। एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि किसानों को रोकने के लिए मूंढापांडे टोल प्लाजा पर करीब 500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। पूरे हालात पर पैनी नजर रखी जा रही है।