अमरोहा में शादी का झांसा देकर विधवा के साथ सामूहिक दुष्कर्म
विधवा को शादी का झांसा देकर युवक ने दुष्कर्म किया तथा बाद में दोस्तों से भी दुष्कर्म कराया। युवक ने विधवा से धर्म बदल कर नजदीकियां बढ़ाई थीं।
अमरोहा (जेएनएन): विधवा को शादी का झांसा देकर युवक ने दुष्कर्म किया तथा बाद में दोस्तों से भी दुष्कर्म कराया। युवक ने विधवा से धर्म बदल कर नजदीकियां बढ़ाई थीं। अब युवक शादी से मुकर गया तथा मारपीट की। आरोप है कि थाना पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो पीडि़ता ने आईजी को पत्र भेज कर कार्रवाई कराने की मांग की है। धर्म बदलकर आया था विधवा के करीब
यह मामला देहात थाना क्षेत्र के एक गांव का है। दस साल पहले यहां रहने वाली महिला के पति की मौत हो गई थी। उसका कहना है कि पांच साल पहले रेलवे स्टेशन के नजदीक उसे युवक मिला था। दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। एक दूसरे से फोन पर बात करने लगे। युवक ने विधवा को अपना धर्म बदल कर नाम बताया था। उसने विधवा को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना लिए। पीडि़ता को धर्म का पता चला तो विरोध किया परंतु युवक ने उसे समझा कर शांत करा दिया तथा दो महिलाओं को अपने परिवार का सदस्य बता कर उनसे मिलवाया।
ये गंभीर आरोप भी लगाया
आरोप है कि इस दौरान युवक ने अपने दो साथियों से भी उसे मिलवाया। तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में युवक शादी से मुकर गया। विधवा का कहना है कि बीती 30 जनवरी को युवक ने उसे शादी के संबंध में बात करने के बहाने से एक मकान पर बुलाया था। वहां पर युवक व उसके दोस्तों ने मारपीट कर भगा दिया। पीडि़ता ने देहात थाने में तहरीर दी लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। बाद में पीडि़ता ने आईजी को पत्र भेजकर कार्रवाई कराने की मांग की है। एसओ देहात राजीव शर्मा का कहना है कि इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
प्रेमी युगल लापता हुआ
अमरोहा : रविवार रात प्रेमी युगल लापता हो गया। परिजन दोनों को तलाश कर रहे हैं। मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मुहल्ले का है। यहां रहने वाले युवक का प्रेम प्रसंग पड़ोस के मुहल्ले में रहने वाली रिश्तेदार युवती से चल रहा था। परिजनों को इस प्रेम प्रसंग की जानकारी हुई तो युवती का कालेज जाना भी बंद करा दिया परंतु रविवार रात को दोनों लापता हो गए। मामला रिश्तेदारी का है तो पुलिस को सूचना नहीं दी गई है। परिजन दोनों को तलाश कर रहे हैं।