Bakrid 2021 : सड़कों में गड्ढों को देख मुरादाबाद के डीएम नाराज, शहर में अफसरों के साथ किया मुआयना
बकरीद व सावन का महीना शुरू होने से पहले पहले शहर में सफाई सड़क प्रकाश व्यवस्था का जायजा कई विभागों के अफसरों की टीम ने लिया। जामा मस्जिद क्षेत्र चौरासी घंटा मंदिर झाड़खंडी मंदिर समेत ईदगाह क्षेत्र का निरीक्षण किया।
मुरादाबाद, जागरण संवाददाता। बकरीद व सावन का महीना शुरू होने से पहले पहले शहर में सफाई, सड़क, प्रकाश व्यवस्था का जायजा कई विभागों के अफसरों की टीम ने लिया। जामा मस्जिद क्षेत्र,, चौरासी घंटा मंदिर, झाड़खंडी मंदिर समेत ईदगाह क्षेत्र का निरीक्षण किया। कई जगह सीवर लाइन के कारण हुए सड़कों में गड्ढों को लेकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और मंदिरों के रास्ते में गड्ढे भरने के निर्देश जल निगम, पीडब्ल्यूडी व नगर निगम के अफसरों को दिए।
उन्होंने कहा कि अपनी-अपनी सड़कों को चिह्नित करके सड़कों के गड्ढे भरे जाएं और अधिक खराब सड़कों को बनाया जाए। सावन के मद्देनजर मंदिरों के रास्तों को भी देखा और पहले सोमवार से पूर्व मंदिरों के रास्तों के गड्ढों को भरने को हिदायत दी। अफसरों की संयुक्त टीम में लोक निर्माण, बिजली, पीडब्ल्यूडी, जल निगम, नगर निगम, पुलिस विभाग के अफसरों को अपने-अपने स्तर की समस्याओं के निस्तारण को निर्देशित किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पवन कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर आलोक कुमार वर्मा, एसपी सिटी अमित आनंद, सिटी मजिस्ट्रेट एमपी सिंह, एसीएम प्रथम, अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत मौजूद रहे।
शहर के आठ थानों पर भी ओज उठाने को खड़े होंगे वाहन : बकरीद पर शहर के आठ थानों पर भी एक-एक वाहन खड़ा किया जाएगा। जिससे पुलिस को सूचना मिलने पर वह नगर निगम के वाहनों से ओज उठवा सकेंगे। कई बार दूसरे समुदाय के लोग ओज सड़क पर डालने से आपत्ति करते हैं। इसी के ध्यान में रखते हुए थानों पर भी सफाई के वाहन व टीम रहेगी। दस सराय पुलिस चौकी, कटघर थाना, मुगलपुरा, नागफनी, कोतवाली, सिविल लाइंस, मझोला में वाहन खड़े किए जाएंगे। इसके अलावा पानी की आपूर्ति बाधित होती है तो वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में 17 टैंकरों से आपूर्ति दी जाएगी। मोबाइल जेनरेटर बिजली समस्या होने पर नलकूपों पर भेजे जाएंगे। इसके अलावा मस्जिदों के आसपास सुबह छह बजे से सफाई व चूना छिड़्काव किया जाएगा। अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने बताया कि बकरीद के साथ-साथ सावन की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने तैयारी कर ली है। ओज उठाने के लिए वाहनों के रूट तय कर दिए हैं।