आजम खां के बेटे अब्दुल्ला बोले, रामपुर में नहीं हो सकता निष्पक्ष चुनाव, बताई ये बड़ी वजह
UP Election 2022 सांसद आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम ने कहा कि रामपुर में दहशत का माहौल बनाया जा रहा है। मतदाताओं को डराया धमकाया जा रहा है। यह सब मुरादाबाद के कमिश्नर करा रहे हैं। उनके यहां रहते निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद नहीं है।
रामपुर, जेएनएन। UP Vidhan Sabha Election 2022 : सांसद आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम ने कहा कि रामपुर में दहशत का माहौल बनाया जा रहा है। मतदाताओं को डराया धमकाया जा रहा है। यह सब मुरादाबाद के कमिश्नर करा रहे हैं। उनके यहां रहते निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद नहीं है। चुनाव आयोग इस मामले का संज्ञान ले और कमिश्नर को यहां से हटाए। स्वार-टांडा सीट से सपा प्रत्याशी अब्दुल्ला आजम ने शुक्रवार को मीडिया से बात की।
कहा कि मुरादाबाद के कमिश्नर रामपुर का चुनाव प्रभावित कर रहे हैं। सपा के लोगों को परेशान करा रहे हैं। कल भी बाबर अफरीदी को पार्टी कार्यालय से निकलने के बाद एसओजी ने पकड़ लिया। कई घंटे बाद छोड़ा गया। 50 हजार लोगों को रेड कार्ड जारी कर दिए गए हैं। सपा के लोगों की सूची बनाई है। मुरादाबाद से कई थाना प्रभारी और दारोगा यहां भेजे गए हैं, जो सिर्फ सपा के लोगों का उत्पीड़न कर रहे हैं। लोकसभा चुनाव और रामपुर में हुए विधानसभा उपचुनाव में भी धांधली कराई गई थी। कमिश्नर अब फिर उसी तरह रामपुर में चुनाव में धांधली कराना चाहते हैं। इस संबंध में हमने शिकायत कर दी है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से भी सपा का प्रतिनिधिमंडल मिलेगा और सारे प्रकरण से अवगत कराएगा, ताकि रामपुर में निष्पक्ष चुनाव हो सके।