Azam Khan के स्वागत में घर पर स्वागत की तैयारी, 27 महीने बाद सीतापुर जेल से रिहा होकर आ रहे हैं रामपुर
Azam Khan Release समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां सवा दो साल बाद जेल से रिहा हो गए हैं। वह सीतापुर से रामपुर आ रहे हैं। यहां उनके घर पर स्वागत की तैयारियां चल रही हैं। नगर पालिका कर्मचारियों ने साफ सफाई कर चूना भी डाल दिया है।
रामपुर, जेएनएन। Azam Khan Release : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां सवा दो साल बाद जेल से रिहा हो गए हैं। वह सीतापुर से रामपुर आ रहे हैं। यहां उनके घर पर स्वागत की तैयारियां चल रही हैं। नगर पालिका कर्मचारियों ने साफ सफाई के साथ ही उनके घर के सामने चूना भी डाल दिया है। रामपुर शहर से 10 बार विधायक चुने जा चुके आजम खां के खिलाफ 89 मुकदमें विचाराधीन हैं।
गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें रामपुर पब्लिक स्कूल की मान्यता से जुड़े मामले में जमानत दे दी। अन्य मुकदमों में पहले ही जमानत हो चुकी थी। वह 26 फरवरी 2020 को अदालत में हाजिर हुए थे। तब अदालत ने उन्हें जेल भेज दिया था। उनके साथ ही उनकी पत्नी पूर्व सांसद डा. तजीन फात्मा और बेटे विधायक अब्दुल्ला आजम भी जेल गए थे। तजीन फात्मा 10 माह बाद और अब्दुल्ला आजम 23 माह बाद जेल से रिहा हो गए थे। लेकिन, आजम खां को अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद रिहाई मिल सकी है। शुक्रवार सुबह वह सीतापुर जेल से रिहा कर दिए गए।
वहां भी तमाम सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। उनके बेटे अब्दुल्ला आजम और अदीब आजम सीतापुर पहुंच गए। सभी लोग सीतापुर से रामपुर के लिए चल दिए हैं। यहां रामपुर में भी उनके घर स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नगरपालिका कर्मचारियों ने घर के पास साफ सफाई की। सभासद तनवीर गुड्डू ने चूना भी डलवा दिया। सभासद ने कहा कि आजम खां के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।
सम्मानित हुए इरशाद हुसैन : एडरा इंडिया कोर ग्रुप के वरिष्ठ जिला समन्वयक इरशाद हुसैन को अच्छे कार्य के लिए सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान जम्मू कश्मीर में हुए सम्मेलन में एडरा के डायरेक्टर ब्रैस्टन डेविस ने दिया। इरशाद हुसैन पिछले 20 साल से एडरा से जुड़े हैं। वह स्वार तहसील के शादीनगर शहादरा गांव के मूल निवासी हैं। उन्होंने पोलियो के खात्मे के साथ ही कोरोना महामारी से बचाव के कार्य में भी अहम भूमिका निभाई। इसके लिए उन्हें प्रशासन ने भी सम्मानित किया था।