Ayodhya Ram Mandir : एतिहासिक दिन को इस तरह बनाया यादगार, सम्भल में बच्चे के जन्म लेने पर नाम रखा श्रीराम
बदायूं जनपद की महिला ने चन्दौसी के निजी अस्पताल में पुत्र को जन्म दिया। बेटे के पैदा होने के साथ राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन होने पर परिवार की खुशी दोगुनी हो गई।
सम्भल, जेएनएन। अयोध्या में राम मंदिर का भूमि पूजन हो चुका है। पूरा देश उत्सव मना रहा है। इसी बीच बदायूं जनपद की एक महिला ने चन्दौसी के निजी अस्पताल में बुधवार को एक बच्चे को जन्म दिया तो पिता ने अस्पताल में ही उसका नाम श्रीराम रख दिया। इस मामले की जानकारी हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों को लगी तो उन्होंने अस्पताल में पहुंचकर जयघोष किया।
जनपद बदायूं के कस्बा उघैती निवासी किशोर की पत्नी चिंकी वार्ष्णेय को मंगलवार की रात प्रसव पीड़ा हुई तो स्वजन उसे चन्दौसी के एक निजी अस्पताल में ले आए। जहां बुधवार को सुबह महिला ने एक पुत्र को जन्म दिया। राम मंदिर भूमि पूजन के दिन पुत्र प्राप्ति से गदगद किशोर ने अपने बेटे का नाम ही श्रीराम रख दिया। इस मामले की जानकारी पर हिंदू जागरण मंच के प्रांत प्रचारक कौशल किशोर कार्यकर्ताओं के साथ अस्पताल में पहुंच गए और भगवान श्रीराम का जयघोष किया।
यादगार बनाने के लिए रखा नाम
परिवार के लोगों ने बताया कि कई सालों से राम मंदिर निर्माण की शुरुआत होने का इंतजार था। वर्षों का सपना साकार होने जा रहा था, इससे बड़ी खुशी की बात क्या हो सकती है। इस बीच प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। कुछ देर बाद दोहरी खुशी मिली। सही मायन में यह देश के लिए ऐतहासिक दिन था। वहीं बेटे के जन्म लेने पर परिवार के लिए यह दिन और भी खास हो गया। लिहाजा कुछ ऐसा करने का विचार आया जिससे ये दिन जीवनभर के लिए याद रहे। परिवार के कुछ सदस्यों से विचार-विमर्श के बाद श्रीराम नाम रखने का फैसला लिया गया। अब प्रभु से यही प्रार्थना की बेटा इस नाम को सार्थक कर सके। फिलहाल पूरा परिवार काफी खुश और जश्न मना रहा है।