होली पूजन का शुभ मुहूर्त दोपहर एक बजे से, इस तरह करें पूजा Moradabad News
हरि ज्योति संस्थान के पंडित सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि स्वराशि स्थित बृहस्पति की दृष्टि चंद्रमा पर रहेगी। जिससे गज केसरी योग का प्रभाव रहेगा।
मुरादाबाद, जेएनएन। इस बार होलिका दहन का मुहूर्त सोमवार को शाम 6:22 बजे से रात 8:52 बजे तक रहेगा और इससे पूर्व होली पूजन दोपहर 1:10 बजे से करना शुभ है। दो घंटे 26 मिनट में चौक-चौराहों पर बनी होलिका का दहन किया जाएगा। नौ मार्च को होली पूजन व दस मार्च को रंगों से होली खेली जाएगी। इस बार खास ग्रहों का संयोग है। 499 साल बाद यह योग बन रहा है। इससे पूर्व 1521 में ग्रहों का योग बना था। इस दिन नौ मार्च यानी सोमवार व पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र होने से ध्वज योग रहेगा। यह योग यश, कीर्ति व विजय प्रदान करने वाला होता है। नौ मार्च को होलिका पूजन पूर्व व उत्तर दिशा में मुख करके करना उत्तम है। रोली, कच्चा धागा, चावल, फूल, बताशे अर्पित करके होली पूजन करें और भगवान नरसिंह का स्मरण करें। होलिका पर प्रहलाद का नाम लेकर फूल चढ़ाएं।
नहीं है कोई भद्रा
प्राचीन शिव मंदिर झांझनपुर के पंडित केदारनाथ मिश्रा ने बताया कि इस बार होलिका दहन के दौरान भद्रा नहीं है। इसलिए दोपहर 1:10 बजे से होली पूजन करना श्रेष्ठ रहेगा।
त्योहारों पर शहीदों के घर जाएंगे अफसर
देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों के घर त्योहारों की खुशियां बांटने अफसर जाएंगे। मंडलायुक्त वीरेन्द्र कुमार सिंह ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि होली के त्योहार के साथ ही आगामी आने वाले सभी त्योहारों में स्थानीय उपजिलाधिकारी अपने क्षेत्र में शहीद हो चुके सैनिकों और अफसर घर जाकर उनके परिवार को मिठाई व उपहार देंगे। मंडलायुक्त ने अफसरों से कहा है कि जिन लोगों की वजह से हमारा देश और हम सुरक्षित हैं,उनके परिवार का सम्मान होना चाहिए। गौरतलब है कि मुरादाबाद मंडल के चार जनपदों में अमरोहा, सम्भल, मुरादाबाद और रामपुर में कुल 17 सैनिक शहीद हुए हैं।