मुरादाबाद में चुनावी रंजिश में सपा जिलाध्यक्ष के भतीजे पर हमला, हाईवे पर पलटी कार, लगा रहा जाम
जिले के पाकबड़ा में चुनाव प्रचार कर लौट रहे बीडीसी प्रत्याशी और सपा जिलाध्यक्ष के भतीजे की कार दिल्ली मुरादाबाद हाईवे पर पलट गई। घायल दुष्यंत यादव ने निवर्तमान मुरादाबाद ब्लाक प्रमुख पर समर्थकों द्वारा हमला कराने का आरोप लगाया है।
मुरादाबाद, जेएनएन। जिले के पाकबड़ा में रविवार देर रात चुनाव प्रचार कर लौट रहे बीडीसी प्रत्याशी और सपा जिलाध्यक्ष के भतीजे की कार दिल्ली मुरादाबाद हाईवे पर पलट गई। घायल दुष्यंत यादव ने निवर्तमान मुरादाबाद ब्लाक प्रमुख पर समर्थकों द्वारा हमला कराने का आरोप लगाते हुए थाना पाकबड़ा में तहरीर दी है। पाकबड़ा पुलिस घटना की जांच में जुटी है। प्राण घातक हमले को लेकर दिल्ली हाईवे पर घंटों अफरातफरी का माहौल रहा। एसपी सिटी अमित कुमार आनंद देर रात तक हालात पर काबू पाने में जुटे रहे।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदान शुरू होने के कुछ घंटे पहले तक विभिन्न पदों के प्रत्याशी जोर आजमाइश करने में जुटे रहे। सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव के भतीजे व बीडीसी पद के उम्मीदवार दुष्यंत यादव के मुताबिक रविवार रात लगभग दस बजे वह उमरी गांव में थे। वहां से अपनी कार में सवार होकर बुद्धि विहार स्थित अपने घर लौट रहे थे। कुछ लोग उमरी गांव से ही दुष्यंत की कार का पीछा करने लगे। आरोप है कि दुष्यंत का काफिला दिल्ली हाईवे पर पाकबड़ा जीरो प्वाइंट पहुंचा था, तभी उनकी कार को अन्य वाहनों ने घेरकर टक्कर मार दी। इतना ही नहीं दुष्यंत यादव ने वाहन को निशाना बना कर हमलावरों पर फायरिंग करने तक का आरोप लगाया। दुष्यंत ने बताया कि टक्कर लगने से उनकी कार पलट गई। वाहन में तोड़-फोड़ करने के बाद हमलावर मौका पाकर भाग निकले। घायल दुष्यंत ने अपने ऊपर हुए जानलेवा हमले की सूचना सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव को दी। कुछ ही देर में वह भी समर्थकों के साथ वह मौके पर पहुंचे। इस बीच उन्होंने वारदात की जानकारी पुलिस के उच्चाधिकारियों को दी। सपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उनके भतीजे की कार पर मुरादाबाद के निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख व उनके समर्थकों ने हमला किया है। इस बीच एसपी सिटी अमित कुमार आनंद मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बताया कि कार हाईवे किनारे पलटी हुई मिली और बुरी तरह क्षतिग्रस्त है। जबकि दुष्यंत गंभीर रूप से घायल है। सिर व शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
एक घंटे तक रहा जाम
करीब एक घंटे तक दिल्ली-मुरादाबाद मुख्य मार्ग जाम रहा। वहीं सूचना पाकर सपा के देहात विधायक हाजी इकराम कुरैशी भी समर्थकों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। दुष्यंत की ओर से निवर्तमान ब्लाक प्रमुख और उनके समर्थकों के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं निवर्तमान ब्लाक प्रमुख मनीष सिंह का कहना है कि रात को वे और दुष्यंत उमरी गांव में थे, ग्रामीणों ने उनका विरोध किया तो वह अपनी कार से भाग निकले। इसी अफरातफरी में उनके साथ कोई हादसा हुआ होगा। मैं निर्विरोध बीडीसी चुना गया हूं। सभी आरोप राजनीतिक रंजिश में लगाए गए हैं, मेरा या मेरे समर्थकों का इस घटना से कोई संबंध नहीं है।