अटल बिहारी वाजपेयी 75 साल पहले अमरोहा में बराती बनकर आए थे, जुड़ी हैं कई यादें
Former Prime Minister Atal Biharis birth anniversary पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का अमरोहा से भी नाता रहा है। वह जिले में बराती बनकर आ चुके हैं उस दौर में भी वह काफी लोकप्रिय थे। लोग उनसे मिलने के लिए पहुंचे थे।
मुरादाबाद, जेएनएन। Former Prime Minister Atal Bihari's birth anniversary। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का अमरोहा से भी नाता रहा है। वह 1945 में अपने मित्र की बरात में पहली बार अमरोहा आए थे। यहां एक रात ठहरे थे। उसके बाद वर्ष 1998 में वह बतौर नेता विरोधी दल भी अमरोहा के लोगों के रूबरू हुए। वर्ष 1999 में बतौर प्रधानमंत्री अमरोहा पहुंचे थे।
जिले में उनके आगमन पर उनके मित्र के साले दुर्गी टंडन ने कई यादें साझा कीं। शुक्रवार को सारा देश पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनाएगा। अटल बिहारी वाजपेयी अपनी मृद भाषा व प्रसन्नचित व्यवहार के चलते सभी के चहेते व आदर्श रहे हैं। अमरोहा से उनका नाता 75 वर्ष पहले जुड़ा था। यहां वह पहली बार बराती बनकर आए थे। वर्ष 1945 में नगर के मुहल्ला कूंचा खत्रियान निवासी राज नारायण टंडन की बेटी की बरात मथुरा से आई थी। दूल्हा रामभरोसे कपूर अटल बिहारी के परम मित्र थे। लिहाजा दोस्त की बरात में अटल भी आए थे। दूल्हन के भाई दुर्गी टंडन ने बताया कि उस समय अटल बिहारी आरएसएस के राष्ट्रीय प्रचारक थे। वैवाहिक कार्यक्रम रात का था। वह सारी रात मुहल्ला बड़ा बाजार स्थित धर्मशाला में ही रहे थे। उस दौर में भी उनकी लोकप्रियता काफी थी। लोग उनसे मिलने आए थे। वह भी बड़ी ही आत्मीयता के साथ लोगों से मिले थे। उन्होंने बताया कि उसके बाद दूसरी बार वह वर्ष 1998 में जब नेता विरोधी दल थे तो अमरोहा आगमन हुआ था। उन्होंने रामलीला मैदान में चुनावी सभा को संबोधित किया था। बाद में केंद्र में भाजपा की सरकार बन गई थी तथा अटल जी प्रधानमंत्री बन गए थे। अपने 13 माह के कार्यकाल के दौरान अटल जी फिर से वर्ष 1999 में अमरोहा आए। यहां बतौर प्रधानमंत्री उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में सभा को संबोधित किया था। उस समय उदयगिरि गोस्वामी जिला अध्यक्ष थे।