देश के हर राज्य और विदेश तक पहुंच रहेे अमरोहा के खुशबूदार पौधेे, जानिये किस-किस देश के मॉल की शोभा भी बनेे हैं ये पौधे
यूं तो अमरोहा जनपद का नाम देशभर में कई क्षेत्र में पहचाना जाता है। अब यहां की नर्सरी भी देश-विदेश के लोगों को भा रही है। देश के हर राज्य को यहां से पौधेे भेजेे जा रहेे है। दुबई के मॉल में भी अमरोहा के पौधेे शोभा बढ़ा रहेे है।
मुरादाबाद, (आसिफ अली)। यूं तो अमरोहा जनपद का नाम देशभर में कई क्षेत्र में पहचाना जाता है। अब यहां की नर्सरी भी देश-विदेश के लोगों को भा रही है। खुशबूदार पौधे लोगों की पसंद बन रहे हैं। देश के हर राज्य को यहां से पौधेे भेजेे जा रहेे है। दुबई के मॉल में भी अमरोहा के पौधेे शोभा बढ़ा रहेे है। जिले के युवक नर्सरी कारोबार में करियर बना रहे हैं। वह अन्य कारोबार छोड़ हाईवे किनारे नर्सरी खोल पर पौध बेच रहे हैं।
अमरोहा जनपद का गजरौला व सिहाली जागीर क्षेत्र पौधों की बिक्री के लिए देशभर में मशहूर है। यहां पर लगभग प्रत्येक प्रजाति के पौधे मिल जाते हैं। जिनमे चंपा, बोतल पाम, पोसकटल पाम, एरिका पाम, फोनिक्स पाम, केजोरिना, बोतल ब्रुश, एलपिनिया, ड्राफ्केना, ड्राफ्टेना, फाईकस पांडा, बेंजीनो व खजूर के पौधे हैं। जिले की नर्सरियों में 200 प्रजाति के पौधे मौजूद हैं। इनकी शुरुआती कीमत डेढ़ रुपए है तथा एक लाख रुपये की कीमत का भी पौधा है। तीन महीने से लेकर एक साल तक तैयार होने वाले खुशबूदार पौधे देश के प्रत्येक राज्य में भेजे जा रहे हैं। सबसे ज्यादा मांग महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश व दिल्ली राज्यों में है। राजस्थान के साथ पश्चिमी बंगाल, कर्नाटक, तमिलनाडू समेत कई राज्यों में भी पौधे जाते हैं विदेश के मामले में दुबई के विभिन्न मॉल की शोभा भी अमरोहा के खुशबूूदार फूलों के पौधे बढ़ा रहे हैं।
सिहाली के बाद अमरोहा व जोया में भी बढ़ रही नर्सरी
अमरोहा जिले के गांव सिहाली जागीर की नर्सरी सारे देश में प्रसिद्ध हैं। अब कारोबार में बढ़ता मुनाफा देख कर अमरोहा व जोया के लोग भी नर्सरी कारोबार से जुड़ने लगे हैं। अमरोहा में जोया रोड पर तीन नर्सरी खुल गई हैं नौगावां सादात रोड पर भी नर्सरी हैं। जबकि जोया के गांव हरियाना निवासी नईम अहमद ने ठेकेदारी छोड़ कर नर्सरी का कारोबार शुरू किया है। वहीं सिहाली के मोहम्मद माजिद भी दिल्ली में नौकरी करते थे। अब नर्सरी चला रहे हैं। शब्बू व सरफराज खान ने पढ़ाई के बाद नर्सरी के कारोबार में अपना करियर बना लिया है।