Amroha crime : गंगा में कीटनाशक डालकर मछलियां मारने वाले तीन गिरफ्तार
मछलियों को मारकर इंसानी जीवन से खिलवाड़ कर रहे थे। कीटनाशक दवा से मछली मारकर उन्हें गांव में फेरी कर बेचते थे। इस धंधे से जुड़े कई लोग अभी फरार हैं। उनकी तलाश भी की जा रही है।
अमरोहा, जेएनएन। गजरौला में गंगा में कीटनाशक दवा डालकर अवैध रूप से मछलियां मारने वाले तीन मछुआरों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से 18 किलो मृत मछलियां, तीन बाइक, कीटनाशक दवा के डिब्बे व जाल भी बरामद किए हैं। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया जाएगा।
गुरुवार की तड़के करीब पांच बजे वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह के नेतृत्व में वन दारोगा मनोज कुमार, सुनील चंदोला, वन रक्षक शाह आलम व नरेश की टीम ने खादर क्षेत्र के गांव पपसरा खादर में बांध के पास छापा मारा। यहां से गांव पपसरा खादर निवासी अलाउद्दीन पुत्र गियासुद्दीन, रिहान पुत्र उमर मोहम्मद व थाना डिडौली के गांव भीकनपुर मुंडा निवासी सुनील पुत्र बेगराज को गिरफ्तार किया। उनके पास तीन बाइक, 18 किलो मृत मछलियां, जाल व चार कीटनाशक दवा के डिब्बे बरामद किए हैं। वन विभाग द्वारा तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया है। वन क्षेत्र अधिकारी करन सिंह ने बताया कि यह धंधा काफी लंबे समय से चला आ रहा था। लगातार इसकी सूचना मिल रही थी। यह लोग मछलियों को मारकर इंसानी जीवन से भी खिलवाड़ कर रहे थे। क्योंकि कीटनाशक दवा से मछली मारकर उन्हें गांव में फेरी कर बेचते थे। इस धंधे से जुड़े कई लोग अभी फरार हैं। उनकी तलाश भी की जा रही है।