अमरोहा में फिल्मी अंदाज में युवकों ने फायरिंग कर फैलाई दहशत
अमरोहा के मंडी धनौरा में बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। इसकी वजह से आसपास के लोग भी सहम गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अमरोहा। मंडी धनौरा में फिल्मी अंदाज में बाइक सवारों ने एक युवक को घेर जमकर मारपीट व हवाई फायरिंग की गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पूर्व आरोपित फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना थाना क्षेत्र के शेरपुर मार्ग स्थित ढयौटी मोड की है। यहां पर फिल्मी अंदाज में बाइक सवारों ने एक युवक को घेर लात घूंसोंं से पीट-पीटकर युवक को बुरी तरह घायल कर दिया। वही बाइक पर सवार अन्य युवकों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी।
मारपीट के दौरान थाना बछरायूं क्षेत्र के गांव मलेशिया निवासी रविंदर यादव बुरी तरह घायल हो गया। सौ नंबर पुलिस को दूरभाष से सूचना दी गई। आरोपित घटना के बाद फरार हो गए। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जिस कारण मारपीट हुई है। घायल से तहरीर मांगी गई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा लिखा जाएगा।