Coronavirus : मुरादाबाद में हिमगिरी सहित सभी हॉटस्पॉट सील, पुलिस ने मुख्य रास्ते भी किए बंद Moradabad News
तहसील के पीछे से होकर हिमगिरी जाने वाला रास्ता खुला था। शनिवार को पुलिस ने नगर निगम की टीम बुलाकर उसे भी बंद करा दिया।
मुरादाबाद, जेएनएन। पुलिस और प्रशासन ने कोरोना पॉजिटिव के केस लगातार बढऩे से हॉटस्पॉट क्षेत्रों को सील कर दिया है। मुख्य रास्ते भी बल्लियां लगाकर बंद कर दी हैं। इसकी वजह से कोई हॉटस्पॉट क्षेत्रों में नहीं जा पा रहा है।
शहर का नागफनी, कोतवाली, मुगलपुरा और गलशहीद थाना क्षेत्र पूरा सील कर दिया गया है। मझोला, सिविल लाइंस और कटघर थाने का भी अधिकांश क्षेत्र हॉटस्पॉट घोषित कर सील किया जा चुका है। इसके बावजूद लोग किसी न किसी बहाने सड़कों पर निकलने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे में लोगों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने शनिवार को और सख्ती बढ़ा दी। लाइनपार इलाके के प्रकाशनगर चौराहे को चारों ओर से बैरियर लगाकर बंद कर दिया। चौराहे से किसी को भी गुजरने नहीं दिया गया। मंडी में भी केवल पास वाली गाडिय़ों को ही सब्जी लेने के लिए एंट्री दी गई। शेष लोगों को मंडी में भी प्रवेश नहीं मिला। पुलिस ने शारीरिक दूरी का पालन कराया। हिमगिरी को भी हॉटस्पॉट क्षेत्र घोषित किया गया है। यहां मुख्य रोड से स्टेशन रोड को छोड़कर हिमगिरी में जाने वाले सभी रास्तों को बंद कर दिया गया है। इसकी वजह से आवश्यक सेवाओं के लिए काम करने वाले लोगों को भी आने-जाने में परेशानी हुई। इसके अलावा कांठ रोड पर आशियाना, रामगंगा विहार, मऊ, मोरा की मिलक आदि में भी पुलिस ने पहुंच कर लोगों को घर में रहने की हिदायत दी।
सभी केे प्रवेश पर रोक
एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि हॉटस्पॉट क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम, सफाई कर्मचारियों, किराना तथा दूध आदि की सप्लाई देने को प्रशासन से पास लेकर अंदर जाने की इजाजत है। पत्रकार भी वही एंट्री करेंगे जो उस क्षेत्र में रहते हैैं। इसके अलावा किसी की एंट्री नहीं होगी।