क्रिसमस और किसानों के आंदोलन को लेकर मुरादाबाद मंडल में अलर्ट, गांव से लेकर हाईवे तक पुलिस का पहरा
Alert in Moradabad division गांव से लेकर हाईवे तक पुलिस ने लगाया कड़ा पहरा। -चप्पे-चप्पे पर तैनात पुलिस कर्मी। पीआरवी वैन के बदले गए रूट। केंद्रीय पुलिस बल के जवानों के साथ ही पीएसी कंपनी की तैनाती भी हाईवे पर की गई है।
मुरादाबाद, जेएनएन।Alert in Moradabad division। कृषि कानून के विरोध में दिल्ली के बार्डर पर किसान बैठे हुए हैं। कई दौर की बातचीत के बाद भी किसान बार्डर से हटने को तैयार नहीं हैंं। वहीं किसान नेताओ ने शुक्रवार को देश के किसानों से अधिक संख्या में दिल्ली आने की अपील की है। ऐसे में मुरादाबाद मंडल के सभी जनपदों में सतर्कता बरती जा रही है। बरेली-मुरादाबाद हाईवे के साथ ही उत्तराखंड की सीमा पर विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के साथ ही केंद्रीय पुलिस बल के जवानों के साथ ही पीएसी कंपनी की तैनाती भी हाईवे पर की गई है। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि प्राइवेट वाहनों के साथ ही रोडवेज बसों में जाने वाले यात्रियों की निगरानी की जाए। सुरक्षा के लिहाज से शुक्रवार का दिन बहुत अहम है। हाईवे पर थानों की पुलिस के साथ ही सात सौ पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सात क्यूआरटी टीमों को निरंतर गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। थाना स्तर पर पुलिस अधिकारियों से गांव से संगठित होकर बाहर जा रहे लोगों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। बीते 22 दिसंबर को मूढ़ापांडे टोल प्लाजा पर पुलिस और किसानों की बीच भिड़ंत हो गई थी। इस दौरान आक्रोशित किसानों ने एसपी रामपुर और मुरादाबाद की गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी थी। हालांकि बाद में किसानों से वार्ता के बाद मामले को शांत करने में पुलिस अफसरों ने सफलता प्राप्त की थी।
गिरजाघरों में कोविड नियमों का होगा पालन
किसान आंदोलन के साथ क्रिसमस को लेकर पुलिस अधिकारियों ने नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए है। प्रार्थना सभा में शारीरिक नियमों का पालन करने के साथ ही मास्क को अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही एक स्थान पर ज्यादा लोग न एकत्र हो इसको लेकर भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
किसान आंदोलन और क्रिसमस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पीआरवी के रूट में परिवर्तन के साथ ही नए स्थानों पर तैनाती की गई है। एक स्थान पर भीड़ को एकत्र नहीं होने दिया जाएगा। हाईवे की निगरानी के लिए पुलिस के साथ ही पीएसी का सख्त पहरा रहेगा। जरूरत पड़ने पर वाहनों की चेकिंग करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रभाकर चौधरी, एसएसपी, मुरादाबाद