शादी के छह माह बाद ही दहेज में कार न मिलने पर पति ने फोन पर तीन तलाक देकर रिश्ता किया खत्म
पीड़ित महिला रामपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के बेनजीर गांव निवासी राहत अली की बेटी तबस्सुम है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार तबस्सुम का निकाह 17 जुलाई 2020 को अजीमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम देवरनिया निवासी दानिश के साथ हुआ था।
मुरादाबाद, जेएनएन। दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने महिला को मारपीट कर घर से निकाल दिया। शादी को अभी महज छह माह ही हुए हैं। मारपीट कर घर से निकाले जाने पर महिला मायके में जाकर रहने लगी। कुछ दिन बाद पति का फोन आया और उसने उसी पर ही उसे लगातार तीन बार तलाक-तलाक-तलाक बोलकर रिश्ता खत्म कर दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति व अन्य ससुरालियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित महिला रामपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के बेनजीर गांव निवासी राहत अली की बेटी तबस्सुम है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार तबस्सुम का निकाह 17 जुलाई 2020 को अजीमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम देवरनिया निवासी दानिश के साथ हुआ था। शादी में हैसियत के मुताबिक दान दहेज दिया गया। आरोप है कि पति व ससुराली दहेज से खुश नहीं थे। वे दहेज में कार की मांग करते थे। मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। उसके साथ मारपीट की। महिला ने अपने पिता और भाइयों को बताया। मायके वालों ने उसके ससुरालियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ससुराली नहीं माने। आखिर में महिला ससुरालियों के जुल्म से तंग आकर मायके आ गई। महिला का आरोप है कि कुछ दिन पहले पति ने फोन पर तीन तलाक दे दिया। उसने मायके वालों को बताया तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने पति और ससुरालियों से बात की तो वे मारपीट पर उतर आए। इस पर स्वजन पीड़िता को लेकर थाने पहुंच गए और घटना की तहरीर दी। अजीमनगर थाना प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर उसके पति दानिश, सास, और दो ननद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।