अमरोहा में हादसा, पत्नी की मौत, पति घायल
Accident in Amroha बाइक से घर जा रहे दंपती के लिए शुक्रवार का दिन दुखद साबित हुआ। हादसे में पूरे परिवार की खुशियां छीन ली।
अमरोहा, जेएनएन। जोया में हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पत्नी की मौत हो गई तथा पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वजन बगैर कार्रवाई के शव घर ले गए। शुक्रवार को मृतका को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है।
थाना व गांव डिडौली में मुहम्मद इरशाद का परिवार रहता है। पेशे से मजदूर इरशाद की ससुराल क्षेत्र के गांव अजीज नगर की है। गुरुवार रात इरशाद अपनी पत्नी शबनम के साथ बाइक पर सवार होकर घर से ससुराल जा रहे थे। बाइक सवार दंपती जब हाईवे पर गांव हरियाना के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में शबनम की मौके पर मौत हो गई तथा इरशाद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर डिडौली प्रभारी निरीक्षक शरद मलिक मौके पर आ गए तथा घायल इरशाद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की सूचना मिलने पर रोते बिलखते स्वजन भी घटनास्थल पर आ गए थे। स्वजनों ने कार्रवाई करने से इंकार कर दिया है तथा शव को घर ले गए हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक व घायल के स्वजनों ने कार्रवाई करने से इंकार कर दिया है। शुक्रवार सुबह स्वजनों ने मृतका को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है।