अमरोहा के 515 हज यात्रियों को मिलेगा रिफंड का लाभ, तैयार की जा रही सूची
विभाग ने हज यात्रियों के नाम व मोबाइल नंबरों की सूची बनाने का काम शुरू किया। भारत से गए यात्रियों ने मेट्रो ट्रेन का उपयोग नहीं किया इसलिए उनको अब किराए की राशि वापस की जाएगी। जिसका आदेश भारत सरकार ने जारी कर दिया है।
अमरोहा, जेएनएन। केंद्र सरकार द्वारा हज यात्रियों को पांच-पांच हजार रुपये रिफंड देने की तैयारी की जा रही है। इससे जनपद के 515 हज यात्री लाभान्वित होंगे। इधर अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने सरकार से दिशा-निर्देश मिलने पर अगली कार्रवाई करने की बात कही है। फिलहाल, उनको सूचीबद्ध किया जा रहा है। वर्ष 2018-19 में हज पर गए यात्रियों को भारत सरकार पांच-पांच हजार रुपये का रिफंड देने की बात कही है।
स्पष्ट किया है कि यात्रियों ने हज जाने के लिए आवेदन के समय बस और मेट्रो ट्रेन दोनों का किराया जमा कराया गया था। भारत से गए यात्रियों ने मेट्रो ट्रेन का उपयोग नहीं किया, इसलिए उनको अब किराए की राशि वापस की जाएगी। जिसका आदेश भारत सरकार ने जारी कर दिया है। अधिकारियों की मानें तो जनपद से वर्ष 2018-19 में 515 लोग हज यात्रा के लिए गए थे। उनको ही रिफंड का लाभ मिलेगा। सभी हज यात्रियों के नामों व मोबाइल नंबरों की सूची बनाई जा रही है। इसके बाद सरकार से जो भी निर्देश प्राप्त होंगे, उन पर अमल किया जाएगा। फिलहाल, अभी अधिकारियों ने कोई निर्देश नहीं आने की बात कही है।
सरकार से प्राप्त होने वाले प्रत्येक निर्देश पर अमल किया जाएगा। सभी हज यात्रियों के नाम व मोबाइल नंबर विभाग के पास हैं। अग्रिम आदेश आते ही अगला कदम उठाया जाएगा।
नरेश कुमार, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी।