12 आरआरटी टीमों ने लिए पंद्रह सौ लोगों के नमूने
मुरादाबादजासं दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ ही जिले में भी सतर्कता बढ
मुरादाबाद,जासं : दिल्ली में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने के साथ ही जिले में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। रविवार को 12 आरआरटी टीमों ने घनी आबादी वाले क्षेत्रों में जांच शुरू कर दी है। सुबह से शाम तक करीब 1500 लोगों के नमूने लिए गए। इसके साथ ही लोगों को जागरूक किया गया कि शारीरिक दूरी के नियम का पालन करें और मास्क के बिना घर से बाहर नह निकलें।
जिले में अब तक 269568 लोगों की आरटीपीसीआर और एंटीजल जांच हो चुकी है। जिले में अब तक 10836 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। 10,501 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। हम लोगों को कोरोना संक्रमण को दूर रखने के लिए शारीरिक दूरी के नियम का पालन करना है। जिले में अभी 173 संक्रमित सक्रिय हैं। इसमें ज्यादातर मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। इसमें किसी की भी हालत गंभीर नहीं हैं। इसके साथ ही जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. डीके प्रेमी ने बताया कि आरटीपीसीआर की संख्या बढ़ा दी गई है। इसमें घनी आबादी वाले मुहल्ले शामिल किए गए हैं। इन सभी मुहल्लों में जागरूकता के लिए मुनादी भी लगाई जा रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एमसी गर्ग ने बताया कि आरटीपीसीआर नमूनों की संख्या बढ़ा दी गई है। हमारा प्रयास रहेगा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों के नमूने लिए जाएं। इसके साथ ही उनमें जो भी पॉजिटिव होंगे उनकी कांटेक्ट ट्रेसिग भी बढ़ाई जाएगी। एक संक्रमित निकला तो पास-पड़ोस के 50 मकानों में रहने वालों के भी नमूने लिए जाएंगे। किसी हाल में आसपास के लोगों को रहने नहीं दिया जाएगा।