एमडीए के 11.67 करोड़ से बदलेगा कांशीराम नगर
मुरादाबादजासं कांशीराम नगर की टूटी सड़कें नालियां बनवाने और सीवर लाइन डलवाने की समस्या खत्म होगी।
मुरादाबाद,जासं : कांशीराम नगर की टूटी सड़कें, नालियां बनवाने और सीवर लाइन डलवाने की समस्या जल्द खत्म होगी। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण से मिले 11.67 करोड़ से नगर निगम को कांशीराम नगर में ही काम कराना है। अब नगर निगम सर्वे करने के बाद जल्द ही कालोनी की सूरत बदलने पर काम शुरू कर देगा।
एमडीए द्वारा कई साल पहले कांशीराम नगर कालोनी बसाई गई थी। कुछ दिन पहले एमडीए ने कांशीराम नगर तीन समेत कालोनियों को नगर निगम के हवाले करने का निर्णय लिया था। नगर निगम व एमडीए के बीच वार्ता के बाद कांशीराम नगर कालोनी को नगर निगम के हवाले कर दिया गया। इसके लिए मुरादाबाद विकास प्राधिकरण ने 11.67 करोड़ का बजट तय किया है। अब नगर निगम कालोनी का सुंदरीकरण कराएगा।
ये होंगे कार्य
- सड़क की मरम्मत होगी
- नालियों को ठीक किया जाएगा
- पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त होगी
- सीवर लाइन ठीक होगी
- पेयजल लाइनों को ठीक किया जाएगा
- पार्कों का सुंदरीकरण होगा
टीपी नगर व मऊ कालोनी भी निगम के हवाले होंगी
एमडीए सम्भल रोड स्थित टीपी नगर व सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में आने वाले मऊ कालोनी को भी नगर निगम के हवाले करने की तैयारी पूरी कर रहा है। बताया गया कि जल्द ही टीपी नगर व मऊ कालोनी को भी नगर निगम के हवाले कर दिया जाएगा। एमडीए उपाध्यक्ष यशु रुस्तगी ने बताया कि कांशीराम नगर कालोनी को नगर निगम के हवाले कर दिया गया है। इसके लिए 11.67 करोड़ का बजट भी तय किया गया है। इसके बाद टीपी नगर व मऊ कालोनी को भी जल्द ही नगर निगम को हैंडओवर किया जाएगा।