जर्जर बारजा गिरने से श्रमिक की मौत
कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर मैदान गांव में जर्जर मकान का बारजा तोड़ रहे गांव के ही श्रमिक की बुधवार को बारजा गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद आस पास के लोगों ने उसे मलबे से बाहर निकाला और चुनार अस्पताल ले गए लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर) : कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर मैदान गांव में जर्जर मकान का बारजा तोड़ रहे गांव के ही श्रमिक की बुधवार को बारजा गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद आस पास के लोगों ने उसे मलबे से बाहर निकाला और चुनार अस्पताल ले गए लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे कोतवाल राजीव कुमार मिश्र ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
जलालपुर मैदान निवासी सतीश कुमार (38) पुत्र विष्णु अपने तीन भाईयों में सबसे छोटे थे। वह मेहनत मजदूरी कर के परिवार का भरण पोषण करते थे। बुधवार को वह गांव में ही एक जर्जर मकान को गिराने का काम कर रहे थे। जब वह एक तरफ की बारजे की दीवार तोड़ रहे थे उसी समय बारजा तेज आवाज के साथ भरभरा कर उनके समेत नीचे गिर पड़ा। बारजा गिरने की जानकारी होते ही अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई साथ ही आसपास के लोगों ने काफी मशक्कत कर के मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकालकर उपचार के लिए चुनार अस्पताल के लिए ले जाने लगे लेकिन सतीश तब तक दम तोड़ चुके थे। घटना के बाद स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल था। मृतक को करीब डेढ़-दो माह का एक पुत्र है।