विध्याचल के महत्व को उच्चतम शिखर पर ले जाएगा विध्य कारिडोर : राधामोहन
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट विध्य कारिडोर निश्चित तौर पर विध्याचल के महत्व को उच्चतम शिखर पर ले जाएगा।
जागरण संवाददाता, विध्याचल (मीरजापुर) : भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट विध्य कारिडोर निश्चित तौर पर विध्याचल के महत्व को उच्चतम शिखर पर ले जाएगा। कारिडोर निर्माण के लिए ध्वस्तीकरण के बाद फैलाव होने से आस्था की डगर निखरने लगी है। अब पहले की अपेक्षा श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ी है। विध्य कारिडोर का निर्माण होने से पर्यटन के साथ रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने शनिवार को विध्यधाम पहुंचकर मां विध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया। दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान मोदी-योगी का खूब बखान किया और उपलब्धियां भी गिनाईं। कहा कि सरकार ने पिछले पांच वर्ष के अंदर जितना निवेश विकास के लिए किया और जिन योजनाओं को मंजूरी दी, आजादी के बाद इतना निवेश किसी सरकार ने नहीं किया। विकास की पंक्ति में मीरजापुर भी है।
उत्तर प्रदेश के 15 करोड़ ऐसे लोग हैं जिनको योगी सरकार न सिर्फ राशन देगी बल्कि दाल, तेल, नमक, चीनी भी देगी। गरीब कल्याण के लिए भाजपा सरकार समर्पित है। अन्य दलों ने देश के लिए तो सिर्फ नारे लगाए, लेकिन मोदी और योगी सरकार का संपूर्ण जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित है। इस दौरान ऊर्जा राज्यमंत्री रमाशंकर पटेल, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह आदि थे।