-जेल में स्टाफ की कमी होगी खत्म, मिलेंगे 40 बंदी रक्षक
जागरण संवाददाता मीरजापुर कई सालों से स्टाफ की कमी से जूझ रहे जिला कारागार में जल्द
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : कई सालों से स्टाफ की कमी से जूझ रहे जिला कारागार में जल्द ही बंदी रक्षकों की तैनाती होगी। इसके लिए कवायद शुरू कर दी गई है। कुल 40 बंदी रक्षक जेल में तैनात किए जाएंगे। इसमें 30 पुरुष व दस महिला बंदी रक्षक शामिल होंगी। इनकी तैनाती होने से जेल की सुरक्षा और चाक चौबंद हो जाएगी।
जनपद के जेल में क्षमता से अधिक बंद चल रहे बंदियों को कंट्रोल में रखना व उनकी सुरक्षा करना जेल प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में स्टाफ कम हो तो और भी बड़ी समस्या पैदा खड़ी हो जाती है। कुछ ऐसा ही हाल जनपद के जिला जेल का है। जिला जेल में 332 बंदियों के रखने की क्षमता है। इनकी सुरक्षा के लिए कुल 50 स्टाफ है। इसमें जेल अधीक्षक, जेलर, डिप्टी जेलर व बंदी रक्षक शामिल है। स्टाफ की संख्या कम देखते हुए इसे बढ़ाकर अब 75 कर दिया गया है। इसमें पांच अधिकारी स्तर के और 70 कर्मचारी होंगे। वर्तमान में यहां 30 स्टाफ तैनात है। 45 की जगह खाली चल रही है। सरकार ने 40 बंदी रक्षकों को और तैनात करने का निर्देश दिया है। इनकी तैनाती होते ही यहां पर इनकी संख्या लगभग 75 के करीब हो जाएगी। वर्तमान में जेल के अंदर 700 बंदी है। इसमें 30 महिला व 670 पुरुष बंदी है। इसमें कुछ खूंखार बंदी भी है। इनकी सुरक्षा करना कम स्टाफ के लिए हमेशा चुनौती पूर्ण रहता था। अब स्टाफ बढ़ते ही उनको मजबूती मिलेगी।
वर्जन
जेल में कुल 40 स्टाफ बढ़ाए जाएंगे। इसमें तीस पुरुष व दस महिला बंदी शामिल है। चार महिला बंदियों की तैनाती कर दी गई है। शेष तैनात करने की कवायद चल रही है।
अरूण कुमार मिश्र, जेल अधीक्षक जिला कारागार मीरजापुर।