अवैध संबंध में महिला की हुई थी हत्या, प्रेमी ने वारदात को दिया था अंजाम
अहरौरा थाना क्षेत्र के कुम्हिया जंगलमहाल निवासी रिकी बिद की अवैध संबंध के चलते हत्या हुई थी। वारदात को अंजाम उसके प्रेमी ने उससे पीछा छुड़ाने के लिए चार दिसंबर की भोर में क्षेत्र के जंगल महाल पड़ाड़ी पर बुलाकर दिया था। पुलिस ने आरोपित प्रेमी को अहरौरा के सोनवर्षा नहर पुल के पास से गुरुवार को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया है।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : अहरौरा थाना क्षेत्र के कुम्हिया जंगलमहाल निवासी रिकी बिद की अवैध संबंध के चलते हत्या हुई थी। वारदात को अंजाम उसके प्रेमी ने उससे पीछा छुड़ाने के लिए चार दिसंबर की भोर में क्षेत्र के जंगल महाल पड़ाड़ी पर बुलाकर दिया था। पुलिस ने आरोपित प्रेमी को अहरौरा के सोनवर्षा नहर पुल के पास से गुरुवार को गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया है। यें बातें प्रभारी पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन में घटना का पर्दाफाश करते हुए बताई।
उन्होंने बताया कि अहरौरा के कुम्हिया जंगलमहाल गांव निवासी रिकी बिद (28) पत्नी बेचन बिद का शव छह दिसंबर को क्षेत्र के जंगलमहाल पहाड़ी पर मिला था। मृतका के भाई संजय कुमार पुत्र रामकेश निवासी सदापुर थाना चकिया जनपद चंदौली की सूचना पर पुलिस पहुंचकर छानबीन की। शव की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई गई। वादी संजय बिद की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर सीओ आपरेशन अजय राय के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच प्रभारी रामस्वरूप वर्मा, एसओजी प्रभारी विनोद यादव, अहरौरा थानाध्यक्ष संजय सिंह, मोती यादव, गिरेंद्र कुमार राय के नेतृत्व में पांच टीमें गठित कर घटना का पर्दाफाश करने का निर्देश दिया गया।
टीमें सुराग रसी में लगी थीं कि गुरुवार को सूचना मिली कि रिकी की हत्या करने वाला उसका प्रेमी क्षेत्र के सोनवर्षा नहर पुल के पास खड़ा है। कहीं भागने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रहा है। टीम पहुंची और आरोपित संतोष बिद पुत्र रामदुलार बिद निवासी बहेरा कुसमी चुनार को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि रिकी का पति बेचन मुंबई के एक निजी कंपनी में काम करता है।
चार महीने पहले घर आया था और फिर मुंबई कमाने चला गया। महिला को तीन बच्चे हैं। करीब एक साल पहले आरोपित संतोष बिद अपने एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए अहरौरा गया था। वहीं पर रिकी और उसकी मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच जान पहचान होने पर बातचीत होने लगी। पति की दूरी का फायदा उठाते हुए संतोष अक्सर रिकी के घर आने जाने लगा। दोनों के बीच प्रेम संबंध अधिक बढ़ने से रिकी अपने पति को छोड़कर संतोष के साथ रहना चाहती थी, लेकिन संतोष उसे रखना नहीं चाहता था वहीं रिकी उसी के साथ रहने की जिद कर रही थी। गले की फांस बनते देख संतोष ने चार दिसंबर की भोर रिकी को फोन कर अहरौरा के जंगलमहाल पहाड़ी पर मिलने के लिए बुलाया।
वहीं पर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद फरार हो गया। छह दिसंबर को ग्रामीणों ने उसका शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने छानबीन की तो पूरा मामला प्रकाश में आ गया। पति पत्नी की तरह रहते थे दोनों
चुनार निवासी संतोष को जब पता चला कि रिकी का पति मुंबई में रहता है और वह घर में अकेली रहती तो वह उसका रिश्तेदार बनकर घर आने जाने लगा। दोनों पति पत्नी की तरह रहने लगे। यही देख रिकी अपने पति बेचन को छोड़कर उसके साथ रहने के लिए तैयार हो गई। जब रिकी संतोष से उसे घर ले जाने की जिद करने लगी तो वह नाराज हो गया और उसकी हत्या की साजिश रच डाली।