ठंड दिखाने लगी तेवर, ऊनी कपड़ों के व्यवसाय में तेजी
आधा दिसंबर बीतने को है और धीरे-धीरे ठंड अपने तेवर दिखाने लगी है। गुरुवार को सुबह सवेरे हल्का कोहरा भी देखने को मिला। जिसके कारण अलसुबह वाहनों की रफ्तार पर कुछ कम नजर आई।
जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर) : आधा दिसंबर बीतने को है और धीरे-धीरे ठंड अपने तेवर दिखाने लगी है। गुरुवार को सुबह हल्का कोहरा भी देखने को मिला। सुबह वाहनों की रफ्तार पर कुछ कम नजर आई। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में तो नहीं लेकिन खाली इलाकों में कोहरा छाया रहा। इलाके का न्यूनतम तापमान 12-13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। आने वाले दिनों में यह और नीचे जाएगा। सर्द हवाओं ने मौसम में गलन बढ़ा दी है। जिसके कारण सुबह के समय बिना गर्म कपड़ों के बाहर निकले लोग ठिठुरते नजर आए। मौसम के तेवर बदलते ही सुबह के समय टहलने वालों की संख्या में कमी हो गई है। वहीं बक्सों व आलमारी में कैद गर्म कपड़े बाहर निकल चुके हैं। हालांकि दिन में धूप के कारण शरीर पर गर्म कपड़े थोड़े हैवी लगे लेकिन शाम होते ही इनकी अहमियत खुद ब खुद समझ आने लगी। धीरे-धीरे ठंड के और बढ़ने के आसार हैं।
सज गए ऊनी कपड़ों के बाजार
ठंड बढ़ने के साथ ही बाजार में सस्ते एवं महंगे हर प्रकार के स्वेटर, जैकेट आदि के बाजार सज गए हैं। सर्दी की शुरुआत में लोगों ने हाफ स्वेटर, हाफ जैकेट, मफलर एवं टोपियों की खरीदारी शुरू कर दी है। सुबह टहलने वाले गर्म ट्रैक पैंट एवं स्पोर्टस जैकेट की खरीदारी में रुचि दिखा रहे हैं। हालांकि इस बार बाजार में कोई नया ट्रेंड नहीं दिखाई दे रहा है। बाजार में वही सब कुछ पुराना है। ठंड में तेजी आने के बाद दुकानों पर पसरा सन्नाटा अब खत्म होने लगा है। नगर के रेडीमेड व्यवसाई पंकज अग्रवाल ने बताया कि गर्म कपड़ों की तेजी एवं नरमी ठंड पड़ने पर निर्भर करती है। ठंड अधिक पड़ने पर बाजार चमक उठता है। सामान्य रहने पर बाजार में उतार-चढ़ाव अधिक नहीं होता। उन्होंने बताया कि युवतियों व महिलाओं के लिए मनपसंद, यूनिक व ग्लैमरस कुर्तियां और टॉप की मांग शुरू हो चुकी है। बाजार में युवतियों की काफी भीड़ दिख रही है जो देखने के लिए आती हैं और मनपसंद चीज मिल जाने पर उसकी खरीदारी भी कर लेती हैं।