शीतला धाम में दर्शन कर लौट रहे दंपती का अपहरण करने का प्रयास
विध्याचल क्षेत्र के मां शीतला धाम विजयपुर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया जब स्कार्पियो सवार आधा दर्जन बदमाश दर्शन-पूजन कर लौट रहे दंपती का अपहरण करने का प्रयास करने लगे। दंपती इसका विरोध करते हुए शोरगुल मचाने लगे।
जागरण संवाददाता, गैपुरा (मीरजापुर) : विध्याचल क्षेत्र के मां शीतला धाम विजयपुर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया जब स्कार्पियो सवार आधा दर्जन बदमाश दर्शन-पूजन कर लौट रहे दंपती का अपहरण करने का प्रयास करने लगे। दंपती इसका विरोध करते हुए शोरगुल मचाने लगे। आसपास के लोगों ने उन्हें छुड़ाया और बदमाशों को पकड़ने के साथ पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कार्पियो संग तीन बदमाशों को हिरासत में ले लिया। हालांकि कुछ बदमाश फरार हो गए।
प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र के कूंची मेडरा निवासी मनोज कुमार पत्नी कंचन देवी, मां दुआसी देवी, पुत्री पिकी, पुत्र जयकुमार तथा गांव निवासी गब्बर के साथ शीतला धाम में पूजा-अर्चन कर वापस लौट रहे थे। गैपुरा-लालगंज मार्ग पर बूढ़ेनाथ मंदिर के पास लालगंज की तरफ से आ रहे स्कार्पियो सवार बदमाशों ने मनोज व उनकी पत्नी को गाड़ी में जबरन बैठाने का प्रयास करने लगे। इस पर स्वजन ने शोर मचाना शुरू कर दिया। मेले में आए लोगों ने बदमाशों का विरोध कर गाड़ी को रोक वहीं लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन बदमाशों और स्कार्पियो को पकड़ कर चौकी ले गई। वहीं चार बदमाश भीड़ का फायदा उठा भाग निकले। पुलिस के मुताबिक पीड़ित दंपती और आरोपित दोनों घटना के बारे में स्पष्ट कुछ भी कहने से कतरा रहे हैं। घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और छानबीन की जा रही है। इस संबंध में चौकी प्रभारी गैपुरा अनिल विश्वकर्मा ने बताया कि अभी मामला स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि बदमाशों ने ऐसा क्यों किया। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है, इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।