सपा जिलाध्यक्ष समेत 30 नामजद व 50 अज्ञात पर मुकदमा
जागरण संवाददाता मीरजापुर शहर कोतवाली पुलिस सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी समेत 30 नामजद व
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : शहर कोतवाली पुलिस सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी समेत 30 नामजद व 50 अज्ञात कार्यकर्ताओं पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। सभी पर आरोप है कि इन लोगों ने बिना मास्क लगाए जिलाधिकारी कार्यालय गेट पर गत दिनों भारी संख्या में इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया। पुलिस के समझाने पर भी नहीं माने। यही नहीं, धारा 144 का भी उल्लंघन किया जिससे पुलिस कानून को तोड़ा गया।
अस्पताल चौकी पुलिस की ओर से 14 सितंबर को कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय के गेट पर नियम के विरुद्ध तरीके से धरना-प्रदर्शन किया। सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर वहां पहुंची। वहां 70-80 की संख्या में सपा कार्यकर्ता बैनर-पोस्टर लेकर बिना मॉस्क लगाए प्रदर्शन कर रहे हैं। शारीरिक दूरी का भी पालन नहीं किया जा रहा है। सरकार विरोधी नारे लगाते हुए एक दूसरे के पास सटे हुए हैं। यह देखते हुए पुलिस ने गेट बंद कर दिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी, मुन्नी यादव, सुरेंद्र पटेल, रोहित शुक्ला, 30 नामजद तथा 50 अज्ञात के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी।