मीरजापुर को जोड़ने वाले पुल की मरम्मत शुरू
बहुप्रतीक्षित अमरा दक्षिणी गांव के पास गड़ई नदी पर नये पुल का निर्माण प्रारंभ होते ही क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। वर्ष के अंतिम माह तक पुल का निर्माण पूर्ण हो जाने का आसार लगाए जा रहे हैं।
जासं, चकिया (चंदौली) : बहुप्रतीक्षित अमरा दक्षिणी गांव के पास गड़ई नदी पर नए पुल का निर्माण प्रारंभ होते ही क्षेत्रवासियों राहत की सांस ली। वर्ष के अंतिम माह तक पुल का निर्माण पूर्ण हो जाने का आसार लगाए जा रहे हैं। इससे जनपदवासियों को मीरजापुर आवागमन में काफी सुविधा होगी।
गड़ई नदी पर ब्रिटिश शासन काल का बना पुल मरम्मत के अभाव में जर्जर हो गया था। इसके मद्देनजर पूर्ववर्ती सरकार में वर्ष 2014 में पुल के पास नए पुल के निर्माण का कार्य प्रारंभ हुआ था। लेकिन धन की कमी व प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के चलते निर्माण कार्य परवान नहीं चढ़ पाया। नतीजा यह हुआ कि बरसात के दिनों में पुराने पुल से आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया। इसे लेकर राजनीतिक दलों ने कई बार धरना प्रदर्शन भी किया। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जर्जर पुल पर बड़े वाहनों का आवागमन अघोषित रूप से बंद हो गया था। बड़े-बड़े गड्ढों के चलते इस पर यातायात करना मुश्किल हो गया। पुल पर आरसीसी की ढलाई शुरू होने से लोग यातायात को लेकर आशान्वित हो गए हैं।