गोमाता की पूजा कर लिया गो सेवा का संकल्प
जागरण संवाददाता चुनार (मीरजापुर) गोपाष्टमी पर रविवार को क्षेत्र की विभिन्न गोशालाओं में गो
जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर) : गोपाष्टमी पर रविवार को क्षेत्र की विभिन्न गोशालाओं में गोमाता की पूजा की गई। कार्तिक शुक्ल पक्ष की अष्टमी को गोपाष्टमी का पर्व मुख्य रूप से गो-पूजा से जुड़ा पर्व है। चुनार जलकल परिसर स्थित अस्थाई गोशाला में माल्यार्पण के साथ गाय को गुड़ खिलाकर चेयरमैन मंसूर अहमद ने गो-पूजन किया। इस दौरान सौरभ प्रकाश सिंह, शैलेश यादव, राजेश कुमार, गौरव पांडेय, करतार सिंह, जितेंद्र कुमार आदि थे।
-भगवान कृष्ण को लगाया छप्पन भोग, गोमाता का किया पूजन
सुरभि शोध संस्थान के रामबाग प्रकल्प में स्थित गोवर्धन गोशाला में गोपाष्टमी के दिन वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अशोक खन्ना ने कहा कि गो सेवा से चार धाम का पुण्य मिल जाता है। बिहार से पधारे स्वामी नरेंद्रानंद महाराज ने कहा कि गोपाष्टमी पर गो-सेवा और संरक्षण का प्रण करें। अमित चतुर्वेदी, पंडित बिजेंद्र दुबे, चंद्रहास गुप्ता, शिव कुमार सिंह, विजय बहादुर सिंह, विवेक सिंह ने गो-पूजन किया।
जमालपुर : क्षेत्र के जमालपुर मिल्की गांव स्थित अस्थाई पशु आश्रय केंद्र पर गो-पूजन किया गया। गाय को टीका लगाकर और माला पहनाकर मुंह मीठा कराया गया। इस दौरान धीरज सिंह, रोहित सिंह, उमाशंकर सिंह, रमेश सिंह थे।
सीखड़ : क्षेत्र के बेसहारा पशु आश्रय स्थल पर गोपाष्टमी पर विधिवत गो-पूजन किया। इसके पश्चात पशु चिकित्साधिकारी डा. वीके सिंह के नेतृत्व में परिसर में पंजीकृत 77 गोवंशों के स्वास्थ्य की जांच की गई। योगेश सिंह, अजय सिंह, संजय सिंह, धनंजय, महेंद्र, राजेश आदि थे।
लालगंज : क्षेत्र के बामी गांव में स्थित अस्थाई गौशाला पर रविवार को गोपाष्टमी पर ब्लाक प्रमुख नरेंद्र गिरि महेंद्र ने विधि-विधान से गो पूजन कर गाय का मुंह मीठा कराया। ब्लाक प्रमुख ने कहा कि गाय के रोम-रोम में देवता वास करते हैं इसलिए गाय हमारी पूजनीय है। इस अवसर पर पशु चिकित्सक जेपी सिंह, मुबारक खां, शिवकुमार सिंह, रामरक्षा, गिरजाशंकर, रामनरेश, सीताराम, कैलाश, शांति, सुधरी, पत्ती देवी, कमली, मुन्नीदेवी, लालती रहे। हलिया : महोगढी स्थित पशु आश्रय स्थल पर गोपाष्टमी के अवसर पर ग्राम प्रधान शकुंतला सिंह द्वारा गो पूजन किया गया। इस दौरान पशु चिकित्साधिकारी डा. उदय प्रताप सिंह ने एक सौ दस पशुओं के स्वास्थ्य का परीक्षण किया है। इसी प्रकार अस्थायी पशु आश्रय स्थल गलरा में ग्राम प्रधान अरुण मिश्र तथा गौरवा में ग्राम प्रधान प्रशांत कुमार दूबे ने गो पूजन किया। देवदत्त सिंह उर्फ पप्पू सिंह, राजीव सिंह, कुलदीप सरोज, कमलेश शर्मा मौजूद रहे।