ओमप्रकाश शर्मा का सदैव ऋणी रहेगा शिक्षक
नगर के बीएलजे इंटर कालेज में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ्
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : नगर के बीएलजे इंटर कालेज में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में सोमवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें पूर्व एमएलसी और संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया। शिक्षकों ने शर्मा जी के योगदान की चर्चा की। संगठन के प्रदेश मंत्री राजेंद्र तिवारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का शिक्षक शर्मा जी के संघर्ष एवं उनके द्वारा शिक्षा और शिक्षकों के लिए किए गए योगदान के लिए हमेशा ऋणी रहेगा। उनके प्रयासों का ही प्रतिफल हैं कि शिक्षक आज सम्मानपूर्वक जीवन जी रहा है। वर्ना करे मुदसरी दो जन खाय, लड़का हो ननिहाल जाय की स्थिति थी। मंडलीय अध्यक्ष केदारनाथ दूबे ने शिक्षकों को प्राप्त उपलब्धियों की चर्चा की। कहा कि शर्मा जी के न रहने से हम सब सर से साया उठ गया। उनके स्थान को भरना असंभव है। पूर्व जिलामंत्री राम नारायण सिंह ने कहा कि वे महानायक थे। मंडलीय मंत्री गणेश सिह ने कहा कि ओमप्रकाश शर्मा के गुणों को व्यक्त नहीं किया जा सकता है। वे शिक्षा शिक्षार्थी और शिक्षकों के लिए हमेशा और अंत भी शिक्षकों के बीच ही किया। अखलाख अहमद ने कहा कि उनके चुंबकीय व्यक्तित्व ने हमें संगठन में काम करने की प्रेरणा दी। संचालन जिला मंत्री विनय कुमार सिंह ने किया। अध्यक्षता प्रधानाचार्य वंशीधर तिवारी ने किया। नरेंद्र श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव, विनोद मिश्र, श्यामजी सोनी, रमाशंकर शुक्ल, शीष कुमार श्रीवास्तव, अनिल राव आदि रहे। खास बात थी कि दोनों बड़े शिक्षक संगठन के पदाधिकारी एक साथ एक मंच पर थे।