विभाजन विभीषिका से लाखों की चली गईं थी जान, परिवार भी छूटा
भारत विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस निकाला गया
विभाजन विभीषिका से लाखों की चली गईं थी जान, परिवार भी छूटा
-चुनार, कछवां व अदलहाट क्षेत्रों में निकाला जुलूस
-भारत विभाजन की त्रासदी पर व्यक्त किया संवदेना
जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर) : स्वतंत्रता सप्ताह के अंतर्गत 14 अगस्त को क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भारत विभाजन विभिषिका दिवस मनाया गया। इसमें मौन जुलूस निकाल कर भारत विभाजन की त्रासदी पर संवेदनाएं व्यक्त करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लाखों लोग इधर से उधर हो गए, घर-बार छूटने के साथ परिवार छूटा, लाखों की जानें गई थी। भारत के लिए यह विभीषिका से कम नहीं थीं। चुनार नगर में रविवार की शाम विधायक अनुराग सिंह ने भाजपाजनों के साथ बालूघाट से मौन यात्रा निकाली। इसमें विजय बहादुर सिंह, नंद लाल केशरी, चंद्रहास गुप्ता, ब्रह्मानंद कुशवाहा थे। ईओ राजपति बैस के नेतृत्व में नपा कार्यालय से विभिषिका यात्रा निकाली गई। इसमें जेई सौरभ प्रकाश सिंह, ओएस शैलेश यादव, आरआई अजीत यादव थे।
कछवां : विभाजन विभीषिका दिवस पर नगर स्तरीय कार्यक्रम के आयोजन को कामयाब बनाने के लिए ईओ नवनीत कुमार सिंह और चेयरमैन पनधारी यादव ने नगर जलकल परिसर स्थित पंडित रामकिंकर उद्या में कार्यक्रम का आयोजन किया। वक्ताओं ने कहा कि यह दिवस युवाओं व आने वाली पीढि़यों को बंटवारे के दौरान के संघर्ष और बलिदान से अवगत कराएगा। इस मौके पर दूधनाथ, सत्यानंद दुबे, बृजेश उमर, सचिन तिवारी, अजय उपाध्याय, अंजनी शुक्ला, चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार आदि रहे।
अदलहाट : लालता सिंह राजकीय महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डा. नीलम टंडन के नेतृत्व में समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्राओं ने मौन जुलूस निकाला। डा. मनीष चंद ने विभाजन विभीषिका पर डाक्यूमेंट्री दिखायी। क्या भारत विभाजन अनिवार्य था विषय पर एक वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें उम्मे कुल्सुम बीए प्रथम वर्ष ने प्रथम, भावना द्विवेदी बीए तृतीय वर्ष द्वितीय एवं साक्षी प्रजापति बीए प्रथम वर्ष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।