जिला पंचायत कार्य योजना 31 मार्च तक ऑनलाइन अपलोड
जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमिला सिंह के अध्यक्षता में शनिवार को जिला पंचायत की बैठक संपन्न हुई। सबसे पहले पिछली बैठक की कार्रवाही में जिला पंचायत सदस्य द्वारा उठाए गए बिदुओं के क्रम में संबंधित अधिकारी से मिली जानकारी पढ़कर सुनाई गई। इसमें मुख्य रूप से हैंडपंप अधिष्ठापन कार्य नहरों से हो रही सिचाई व्यवस्था स्वास्थ्य केंद्रों पर दी जाने वाली दवाओं चिकित्सक व विद्युतीकरण आदि जनहित के कार्यों पर विचार विमर्श किया गया।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमिला सिंह के अध्यक्षता में शनिवार को जिला पंचायत की बैठक संपन्न हुई। सबसे पहले पिछली बैठक की कार्रवाही में जिला पंचायत सदस्य द्वारा उठाए गए बिदुओं के क्रम में संबंधित अधिकारी से मिली जानकारी पढ़कर सुनाई गई। इसमें मुख्य रूप से हैंडपंप अधिष्ठापन कार्य, नहरों से हो रही सिचाई व्यवस्था, स्वास्थ्य केंद्रों पर दी जाने वाली दवाओं, चिकित्सक व विद्युतीकरण आदि जनहित के कार्यों पर विचार विमर्श किया गया।
अपर मुख्य अधिकारी विध्याचल सिंह कुशवाहा द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष को 2018-19 में स्वीकृत किए गए निर्माण कार्यों के विषय में विस्तृत जानकारी दी। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रमिला सिंह ने कहा कि अविलंब विभाग द्वारा वह सारे कार्य पूरे कराए जाएं। उन्होंने अब तक के निर्माण कार्यों की परियोजना वार समीक्षा की। साथ ही अब तक कराए गए जनहित कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। अपर मुख्य अधिकारी ने बताया कि जिला पंचायत की वर्ष 2020- 21 की कार्य योजना 31 मार्च 2020 तक आनलाइन अपलोड की जाएगी। इसलिए सभी सदस्य अपने प्रस्ताव 15 दिन के अंदर उपलब्ध करा दें, ताकि तय समय से परियोजनाओं की स्वीकृति मिल सके। जिला पंचायत सदस्य आरती सिंह ने सड़क, स्वास्थ्य, चिकित्सा पेयजल से संबंधित महत्वपूर्ण मामलों पर सदन का ध्यान आकृष्ट कराया। उनके ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. ओपी तिवारी, परियोजना निदेशक सहित जिला पंचायत सदस्य आरती सिंह, नीलम सिंह, सुरेश बिद, भगवान दास, तुलसी दास बिद, वसीम अहमद, संजय सिंह गहरवार, अमरेश यादव, पंकज उपाध्याय, राजेश नारायण तिवारी, रमाकांत, अंजनी नंदन पांडे, शैलेश पटेल, विमल पटेल, कल्याण यादव, ममता सिंह आदि रहे।
नहीं पहुंचे अधिकारियों से नाराजगी
बैठक में बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला कृषि अधिकारी, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी आदि के अनुपस्थित रहने के कारण महत्वपूर्ण बिदुओं पर चर्चा नहीं की जा सकी। इस पर अध्यक्ष प्रमिला सिंह ने कड़ी नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि अगली बैठकों में अधिकारी जरूर उपस्थित हों। उन्होंने कहा कि जिले की सर्वोच्च पंचायत बाडी की बैठक में विभागीय अधिकारी सभी सूचनाओं के साथ आएं ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे।