बाणसागर परियोजना का काम पूरा न होने पर जताई नाराजगी
जागरण संवाददाता मीरजापुर उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश सरकार की संयुक्त बाणसागर परियोजना प
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश सरकार की संयुक्त बाणसागर परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली परियोजना है। बाणसागर परियोजना का काम पूरा न होने पर जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई। चेताया कि जुलाई के अंत तक बाणसागर का कार्य पूर्ण कराया जाए। इस दौरान कार्य में लापरवाही बरतने पर अधिशासी अभियंता सिरसी बांध प्रखंड मिथलेश कुमार का इस माह का वेतन रोकने का आदेश दिया।
जल शक्ति मंत्री ने मंगलवार को अष्टभुजा डाकबंगला पर विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार से कहा कि बाणसागर के कार्यों का वे स्वयं निरीक्षण करें। जनपद के सभी डैम एवं बंधों का भ्रमण कर परीक्षण कर लें,जहां कहीं भी पानी का सीपेज हो रहा हो, उसे मरम्मत कराकर ठीक कराया जाए।
अधिशाषी अभियंता लघु सिचाई ने बताया कि जनपद में 252 चेकडैम हैं। सभी की जियो टैगिग कर दी गई है। अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे ने बताया कि 18 मीरजापुर व नौ विध्याचल कुल 27 नाला है। अधिकांश नालों का कार्य पूर्ण करा लिया गया है। मंत्री ने निर्माणाधीन घाटों एवं गंगा कटान को रोकने के लिए कराए जाने वाले कार्यों के प्रगति की भी जानकारी ली।
अधिशाषी अभियंता जल निगम ने बताया कि कुल 62 टंकियों के सापेक्ष 44 टंकियां सुचारू रूप से पूर्ण क्षमता के साथ संचालित हैं। 29 हजार कनेक्शन के सापेक्ष 25 हजार 486 घरों को कनेक्शन दिया गया है।
सौ दिन में 25 हजार पुल-पुलिया बने
जल शक्ति मंत्री ने बताया कि 1881 में नहरों की रूपरेखा सृजन हुई और 1885 में नहर साकार हुआ। इस समय प्रदेश में लगभग 74 हजार पुल-पुलिया हैं। प्रदेश सरकार ने मात्र 100 दिन में 25 हजार पुल-पुलिया का निर्माण कराया, जो भारत में एक इतिहास बना।
मैन पावर बढ़ाकर कार्य में लाएं प्रगति
जल शक्ति मंत्री ने कहा कि सभी तालाबों एवं चेकडैमों पर बोर्ड लगवाकर पौधारोपण कराएं। चेकडैमों पर सीसी कैमरा लगवाएं। किसानों के धान की फसल को सिचाई के लिए पानी समय से उपलब्ध कराया जाए। मंत्री ने गुणवत्तापूर्ण ढंग से अक्टूबर तक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। यदि आवश्यकता पड़े तो मैन पावर बढ़ाकर कार्य में प्रगति लाई जाए।