आइसोलेशन वार्ड में अव्यवस्था को लेकर संक्रमितों में नाराजगी
नगर के शेमफोर्ड में बनाए गए आइसोलेशन में भर्ती चल रहे कोरोना संक्रमितों ने वहां फैली दुर्व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को हंगामा किया। आरोप लगाया हैं कि यहां पर कोई सुविधा नहीं हैं। सफाई नहीं की जा रही हैं न ही मरीजों को समय पर दवा दिया जा रहा हैं।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : नगर के शेमफोर्ड स्कूल में बनाए गए आइसोलेशन में भर्ती चल रहे कोरोना संक्रमितों ने अव्यवस्था को लेकर रोष जताया। आरोप लगाया कि यहां पर कोई सुविधा नहीं है न ही सफाई की जा रही है। ऐसे में मरीजों का स्वस्थ होना संभव नहीं है। वर्तमान समय में वार्ड में लगभग 119 संक्रमित भर्ती चल रहे हैं। तेजी से बढ़ रहे कोरोना मरीजों के चलते वहां पर संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही हैं। ऐसे में वहां के स्टाफ को इनको संभालना मुश्किल हो रहा हैं। छह डाक्टर समेत कुल 25 स्टाफ की ड्यटी 15-15 दिन के लिए लगाया जाता हैं। जो पूरी तरह से व्यवस्था को संभाल नहीं पा रहे हैं। बाथरूम से लेकर रहने तक के कमरे में सफाई नहीं हो रही है। पंखे भी नहीं चल रहे हैं। इससे गर्मी से भी जूझना पड़ रहा हैं। इस बारे में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. ओपी तिवारी ने बताया कि वहां पर पर्याप्त मात्रा में सफाई कर्मी लगाए गए हैं जो दिन-रात सफाई करते हैं। कुछ संक्रमित नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। इससे वहां अव्यवस्था फैल रही है। जहां तक पंखा नहीं चलने की बात है तो मिस्त्री से संपर्क किया जा रहा है। उसे पीपीटी किट दिया जा रहा है फिर भी कोई मिस्त्री वहां जाने को तैयार नहीं है। ऐसे में पंखा की मरम्मत कराने में परेशानी आ रही है। इसी तरह सौ रुपये में उनको दो टाइम खाना और नाश्ता देने की व्यवस्था है जिसे किया जा रहा है।