स्वतंत्रता सेनानी शीतला प्रसाद पंचतत्व में विलीन
स्वतंत्रता सेनानी शीतला प्रसाद पंचतत्व में विलीन
जासं, सीखड़ (मीरजापुर) : 98 वर्षीय वयोवृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शीतला प्रसाद सिंह का पार्थिव शरीर शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गया। अंतिम संस्कार शनिवार को मेड़िया घाट पर किया गया। मुखाग्नि छोटे पुत्र अरुण कुमार सिंह ने दी। शनिवार की सुबह क्षेत्राधिकारी सदर संजय सिंह दिवंगत सेनानी के आवास पर मय फोर्स के साथ पहुंचे और सभी ने विधिवत सलामी दी। पाहों, खैरा, मगरहा, खानपुर, मेड़िया घाट पर तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर पर सैकड़ों लोगों ने श्रद्धा-सुमन अर्पित किया। अंतिम संस्कार के ठीक पूर्व वीर सेनानी को सशस्त्र सलामी दी गई। अंत्येष्टि स्थल पर जनसैलाब उमड़ पड़ा और देशभक्ति नारे लगने लगे। इस दौरान नायब तहसीलदार चुनार नटवर सिंह, एसएसआई ओपी पाल, डा. संतोष सिंह, विधायक प्रतिनिधि आलोक कुमार सिंह, रविद्र नारायण सिंह, फुलगेन सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख सत्येंद्र कुमार सिंह, मुकेश सिंह, प्रवीण कुमार सिंह, विनोद कुमार सिंह आदि थे।