Move to Jagran APP

हर ओर गूंजा....मेरा भोला है भंडारी, करे नंदी की सवारी

महाशिवरात्रि पर शिवालयों पर उमड़े भोले भक्त महादेव का जलाभिषेक कर भक्तों ने की पूजा-अर्च

By JagranEdited By: Published: Thu, 11 Mar 2021 06:16 PM (IST)Updated: Thu, 11 Mar 2021 06:16 PM (IST)
हर ओर गूंजा....मेरा भोला है भंडारी, करे नंदी की सवारी
हर ओर गूंजा....मेरा भोला है भंडारी, करे नंदी की सवारी

महाशिवरात्रि पर शिवालयों पर उमड़े भोले भक्त

loksabha election banner

महादेव का जलाभिषेक कर भक्तों ने की पूजा-अर्चना

जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर) : महाशिवरात्रि पर्व पर गुरुवार को चुनार नगर समेत आसपास के इलाके ओम नम: शिवाय, हर-हर महादेव के जयघोषों से शिवमय हो गए। तड़के ही शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी और भोले भक्तों ने जलाभिषेक कर भगवान शंकर का पूजन-अर्चन किया। भोर में गंगा स्नान करने के उपरांत बेल पत्र व गंगा जल के साथ मंदिरों में पहुंचे भक्तों ने अपने भोले भंडारी की पूजा-अर्चना की। महिला व कन्याओं की संख्या अधिक रही। हर तरफ..मेरा भोला है भंडारी, ..नमो-नमो शंकर जैसे भक्तिगीत बजते रहे और बोल बम के उद्घोष से वातावरण शिवमय हो गया। दूसरी ओर लोगों ने अपने घरों में भी शिवशंकर की पूजा की। शिवालयों की आकर्षक सजावट की गई थी।

नगर के प्राचीन गंगेश्वरनाथ मंदिर में सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में पहुंचे महिला-पुरुष भक्तों ने महादेव का जलाभिषेक किया। हाथों में बेलपत्र, जल तथा दूध के साथ पूजन सामग्री लिए शिवभक्तों ने अपनी मनोकामना पूर्ति के लिए भोलेनाथ से प्रार्थना की। साथ ही बालूघाट स्थित कंचेश्वर महादेव मंदिर में पंडित ब्रजेश चतुर्वेदी की देखरेख में महादेव का रूद्राभिषेक किया गया। टेकौर स्थित बूढ़ेनाथ, शिवाला मंदिर, गंगेश्वरनाथ मोहल्ला, रामघाट, तहसील गेट के सामने स्थित शिव मंदिरों सहित अन्य शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा।

- भोले भक्तों ने चढ़ाया किला स्थित बूढेनाथ मंदिर में जल

गाजे बाजे के साथ पतित पावनी मां गंगा से जल लेकर श्री श्री महाकाल सेवा समिति डमरू दल कर्नैलगंज के दर्जनों भोले भक्तों ने किले के टेकौर छोर पर स्थित बाबा बूढ़ेनाथ मंदिर में भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। हर हर महादेव और बोल बम का नारा लगाते हुए हाथों में बड़े-बड़े डमरू लेकर चल रहे युवाओं में शिवरात्रि का जोश देखते ही बन रहा था। इस दौरान बबलू महादेव, लक्ष्मण सोनकर, अंकल गुप्ता, राजेश गुप्ता, पंकज सिंह, राजेश भारती, दीपक सेठ आदि शामिल रहे।

अहरौरा : महाशिवरात्रि के पर्व पर क्षेत्र के नगरीय व ग्रामीण इलाकों में स्थित शिव मंदिरों पर सुबह से ही भोलेनाथ के जलाभिषेक को लेकर दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा। महिलाओं और युवतियों में काफी उत्साह देखा गया। नगर के चौक बाजार, सत्यानगंज, पटवा टोला, मिश्र पोखरा, पियरवा पोखरा, बौलिया, सहुआइन का पोखरा, राम सागर, सहित अन्य मंदिरों पर दर्शनार्थियों ने मत्था टेका पूजन-अर्चन किया। कई मंदिरों पर भक्तों ने भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया।

भोलेनाथ को विवाह के पहले कराया स्नान

चुनार : माना जाता है कि महाशिवरात्रि पर्व के दिन भगवान शंकर और मां पार्वती का विवाह हुआ था। इस दिन लोग व्रत रखते हैं और भगवान शिव की पूजा करते हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को श्री प्रभात भजन बोलबम सेवा समिति की ओर से सुबह भगवान भोलेनाथ की विशाल छवि और शिवलिग के साथ शोभायात्रा निकाली। रामलीला मैदान से निकली शोभायात्रा में भोले भक्त, भोलेनाथ को समर्पित भजन कीर्तन करते हुए चल रहे थे। इस दौरान मेन मार्केट, चौक बाजार, किला रोड आदि रास्तों से होते हुए समिति के सदस्यों ने नगर भ्रमण किया और बालूघाट स्थित गंगा तट पहुंचे। जहां भगवान भोलेनाथ को स्नान कराया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष महेंद्र साहू, सुशील कुमार मुन्ना, लवकुश गुप्ता, संतोष गुप्ता, मुरलीधर चौरसिया आदि थे।

शिवालयों में उमड़े शिवभक्त, शिव बरात का हुआ स्वागत

सीखड़ : हर हर महादेव की गूंज के साथ शिवालयों पर शिव भक्तों ने हाजिरी दर्ज कराई। खानपुर से मवैया देवीधाम को आने वाली शिव बरात का भव्य स्वागत किया गया। रामगढ़ शिव मंदिर पर पारंपरिक मेला आयोजित हुआ व सिघाड़ा की मिठाई जम कर बिकी। कहीं रामचरितमानस का अखंड पाठ तो कहीं बम बम बोल रहा है काशी। ठंडई व भांग की तरंग में मस्त शिवभक्त मस्तक पर भष्म का त्रिपुंड लगाए पूरे दिन महादेव रटते रहे। खानपुर से सुभाष दुबे की अगुआई में भव्य शिव बरात व शोभा यात्रा पूरे धूम धाम के साथ मवैया देवीधाम पहुंची। रूपेश कुमार सिंह की अगुवाई में बरातियों को पुष्पहार व अबीर लगा कर स्वागत किया गया। वैदिक रीति से महादेव व आदि शक्ति का विवाह संपन्न हुआ।इस दौरान दिनेश चौबे, दीना नाथ सिंह, श्यामलाल सिंह,चं द्रेश विश्वकर्मा थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.