फोटो, 5 व 6---सड़क किनारे सो रहे तीन को डंपर ने रौंदा, मौत
थानाक्षेत्र के बसही कला गांव के पास शुक्रवार भोर में सड़क किनारे सो रहे तीन लोगों की डंपर से कुचलकर मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। मुंबई से बिहार के गोपालगंज व वैशाली के लिए कार से निकले सात लोग लालगंज पहुंचे और रात होने की वजह से सड़क किनारे ही सोने लगे। इसी दौरान भोर करीब तीन बजे अनियंत्रित डंपर की चपेट में आने से तीनों की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे उच्चाधिकारियों ने घटना का जायजा लिया।
जासं, लालगंज (मीरजापुर) : थानाक्षेत्र के बसही कला गांव के पास शुक्रवार भोर में सड़क किनारे सो रहे तीन लोगों की डंपर से कुचलकर मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। मुंबई से बिहार के गोपालगंज व वैशाली के लिए कार से निकले सात लोग लालगंज पहुंचे और रात होने की वजह से सड़क किनारे ही सोने लगे। इसी दौरान भोर करीब तीन बजे अनियंत्रित डंपर की चपेट में आने से तीनों की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे उच्चाधिकारियों ने घटना का जायजा लिया।
मुंबई में जया इंफ्राटेक व एलएंडटी कंपनी के कर्मचारी मुंबई से कार पर सवार होकर चालक सहित आठ लोग बिहार के गोपालगंज व वैशाली जा रहे थे। लालगंज थानाक्षेत्र के बसही कला गांव में स्थित राजमार्ग सात मठ के सामने गाड़ी रोककर रोड़ से करीब 40 फीट दूर सोने लगे। भोर में करीब तीन बजे फोरलेन निर्माण कंपनी के डंपर चालक को झपकी आ गई व डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सो रहे लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गई। इस हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर जबकि तीसरे की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना में बिहार के गोपालगंज फैजुल्लापुर खोमारी गांव निवासी राजू सिंह (26), सौरभ कुमार (23) व गोपालगंज खोमारी बैंकुठपुर निवासी अमित सिंह (26) की मौत हो गई। जबकि वैशाली के बाड़ी बराही राजापार्क गांव निवासी विशाल कुमार (21), रोहित (22), विक्रम कुमार (27) व फैजुल्लापुर निवासी मुन्ना सिंह की जान बच गई क्योंकि वे वाहन से दूर घास पर सो रहे थे।
ब्लाक प्रमुख ने किया सहयोग
मठ के महंत व ब्लाक प्रमुख नरेंद्र गिरि ने घायलों को अस्पताल भिजवाने में सहायता की क्योंकि हादसा उनके घर के पास हुआ था। उन्होंने पुलिस के अलावा पीआरवी व एम्बुलेंस को भी मामले की सूचना दी। पुलिस अधीक्षक डा. धर्मवीर सिंह ने बताया कि चालक को गिरफ्तार कर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
पहुंचे सभी उच्चाधिकारी
घटनास्थल बसही कला गांव में मंडलायुक्त प्रीति शुक्ला, आईजी पियूष श्रीवास्तव, जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल, पुलिस अधीक्षक डा. धर्मवीर सिंह, एसडीएम शिव प्रसाद, तहसीलदार अरुण गिरि व पुलिस क्षेत्राधिकारी बीपी सिंह मौके पर पहुंचे। मंडलायुक्त प्रीती शुक्ला ने कहा कि इन्हें किसी शेल्टर होम पर रुकना चाहिए था।
दो-दो लाख की सहायता राशि
जनपद में हुई दुर्घटना की जानकारी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख की सहायता राशि देने की घोषणा की है। जिलाधिकारी सुशील कुमार पटेल ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों को सूचित कर गोपालगंज के डीएम व एसपी को भी जानकारी दी गई। शवों को भेजने के लिए अगल वाहन की भी व्यवस्था की गई।