एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
बाजार स्थित देवकली इंटर कांलेज के खेल मैदान में गुरुवार को युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास विभाग द्वारा एक दिवसीय खंड स्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें कई गांवों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
जागरण संवाददाता, जमालपुर (मीरजापुर) : बाजार स्थित देवकली इंटर कालेज के खेल मैदान में गुरुवार को युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास विभाग द्वारा एक दिवसीय खंडस्तरीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कई गांवों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए प्रधानाचार्य महेंद्र प्रसाद दुबे ने कहा कि खेलकूद से बच्चों की प्रतिभाओं में निखार आता है। वहीं बच्चों का शारीरिक विकास भी होता है।
बालक वर्ग 1500 व 3000 मीटर दौड़ में लाखन ओडी, 400 एवं 800 मीटर दौड़ में कुलदीप कुमार धुरिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। डिस्कस थ्रो में सिराज अंसारी मठना, गोला फेंक व लंबी कूद में अनिल कुमार हुसैनपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालीबाल प्रतियोगिता बालक वर्ग में हनुमानपुर ने प्रथम एवं हुसैनपुर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग 400 एवं 800 मीटर दौड़ में नीतू कुमारी, 1500 मीटर में गुंजा यादव एवं 3000 मीटर में रेशमा महादेवपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका डिस्कस थ्रो में सविता हुसेनपुर, गोला फेंक में ज्योति पटेल चकईपुर, लंबी कूद में रागिनी यादव भदावल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कबड्डी प्रतियोगिता में मदनपुरा ने प्रथम एवं जमालपुर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंत में बच्चों को प्रमाण पत्र एवं मेडल का वितरण किया गया। निर्णायक मंडल में रामनिरंजन सिंह, विनोद सिंह, सतीश सिंह, केशव सिंह थे। इस दौरान अशोक कुमार उपाध्याय, नवीन पांडेय, रविशरण गुप्ता, प्रतीक उपाध्याय आदि थे।