बाढ़ से हुई क्षति की पूर्ति शीघ्र करे प्रशासन
भारतीय किसान यूनियन (भानु) की मासिक पंचायत हनुमानगढ़ी मंदिर कैलहट के प्रांगण में हुई। जिसमें किसानों और कृषि संबंधी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए किसान नेताओं ने उसके समाधान की मांग की।
जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर) : भारतीय किसान यूनियन (भानु) की मासिक पंचायत हनुमानगढ़ी मंदिर कैलहट के प्रांगण में हुई। जिसमें किसानों और कृषि संबंधी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए किसान नेताओं ने उसके समाधान की मांग की। जिलाध्यक्ष अली जमीर खान ने अतिवृष्टि से हुए नुकसान व बाढ़ से हुई क्षति की भरपाई करने की मांग प्रशासन से की। इसके साथ ही आगामी 9 जनवरी को किसान पंचायत तहसील चुनार के प्रांगण में करने का निर्णय लिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष जालिम सिंह ने धान की फसल में लगे कंडो रोग से प्रभावित नरायनपुर व लालगंज के किसान के खेतों का भौतिक निरीक्षण करके मुआवजा दिए जाने की मांग प्रशासन से की। जिला महासचिव धर्मदेव उपाध्याय ने कैलहट रेलवे फाटक संख्या 120 ए पर ऊपरगामी सेतु बनाने की मांग की। ताकि ढाब क्षेत्र के लोगों को साहूलियत मिल सके। मंडल महासचिव शंकर शुक्ल ने फसलों के अवशेष (पराली) जलाने के नाम पर किसानों का शोषण की भर्त्सना करते हुए इसे किसानों के साथ अन्याय बताया। जिला उपाध्यक्ष फणींद्र श्रीवास्तव ने कृषि कार्य हेतु दिन व रात में 10-10 घंटे बिजली आपूर्ति किए जाने की मांग किया तथा इमीलीयाचट्टी राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय के जर्जर भवन का पुनर्निर्माण कराने की मांग किया। किसान पंचायत में दीनानाथ सिंह, तपेस सिंह, सुरेश सिंह छैल बिहारी, शमशेर सिंह, अखिलेश सिंह, राजाराम सिंह आदि किसान थे।