8527 मामलों की सुनवाई मौके पर किया निस्तारण
लोक अदालत में 8257 मामलों का निस्तारण
जागरण संवाददाता, मीरजापुर : सर्वाेच्च न्यायालय व विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में शनिवार को दीवानी कचहरी में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इसमें कुल 8527 मामलों का निस्तारण किया गया। दुर्घटना में मृतक व घायल कुल 38 परिवारों को बीमा कंपनियों की ओर से 1.44 करोड़ रुपये का चेक सौंपा गया। जुर्माने के रूप में 2.63 लाख की राशि वसूली गई।
जनपद न्यायाधीश सुरेंद्र कुमार सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने कुल 14 दुर्घटना प्रतिकर मामलों का निस्तारण किया व घायलों के परिजनों को 58 लाख 85 हजार का चेक दिलाकर राहत प्रदान की। अपर जनपद न्यायाधीश भगवती प्रसाद सक्सेना ने दो मोटर दुर्घटना, 32 विद्युत अधिभार व सात अन्य वादों का सुलह-समझौता कराकर निस्तारण किया। द्वितीय जनपद न्यायाधीश संजय हरि शुक्ला ने नौ मामलों, तृतीय अपर न्यायाधीश राम लखन सिंह चंद्रौल ने 13 मामलों, सत्र न्यायाधीश आलोक पांडेय ने छह मामलों, सत्र न्यायाधीश देवकांत शुक्ला ने चार मोटर दुर्घटना व आठ पारिवारिक वादों का निस्तारण किया। स्थायी लोक अदालत के चेयरमैन चितामणि शुक्ला ने आठ मुकदमों में सुलह कराई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट इंद्रजीत सिंह ने 293 मामलों का निस्तारण किया। विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव लवली जायसवाल ने कुल 12 मामलों व पूर्णकालिक सचिव सलोनी रस्तोगी ने बैंक लोन के 885 मामलों में चार करोड़ से ज्यादा की वसूली कराई। सिविल जज अभिनव जैन, न्यायिक मजिस्ट्रेट आकृति गौतम, सिविल जज मनींद्र पाल सिंह, सिविल जज प्रतिभा, अपर सिविल जज सुमित पराशर व विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट बलराम पांडेय व जयनारायण शर्मा ने भी मामलों का निस्तारण किया। इस अवसर पर दीपक श्रीवास्तव, बद्री विशाल सहित न्यायिक स्टाफ रहा।