बागपत में गोली मारकर भाई की हत्या, फोन कर पिता से बोला- छोटे को मार डाला
संपत्ति विवाद में पाठशाला मार्ग स्थित गंडासा फैक्ट्री पर एक व्यक्ति ने अपने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। फोन पर पिता से कहा कि छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपित फरार हो गया।
बागपत, जेएनएन। संपत्ति विवाद में पाठशाला मार्ग स्थित गंडासा फैक्ट्री पर एक व्यक्ति ने अपने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। फोन पर पिता से कहा कि छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपित फरार हो गया। पिता ने आरोपित पुत्र पर मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने इसे लेकर एक सीसीटीवी फूटेज बरामद किया है। चार साल पहले भी छोटे भाई विजय पर गोलियां बरसाईं गई थी। जिसे लेकर बड़े भाई पर आरोप लगाया था।
नगर के अहिरान मोहल्ला निवासी रमेशचंद वर्मा के तीन पुत्र हैं। इसमें छोटा पुत्र विजय उनके साथ रहता था, जबकि बड़ा पुत्र संजीव हरियाणा व तीसरा पुत्र दिल्ली में रहता है। संजीव व विजय में काफी समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों भाइयों की नगर में ही गंडासा फैक्ट्री हैं, जो एक दूसरे से सटी हुई हैं। रविवार रात करीब 11 बजे दोनों भाई अपनी-अपनी फैक्ट्री में थे। इसी दौरान दोनों में किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। इस बीच संजीव ने अवैध पिस्टल से विजय पर गोलियां चला दीं। सिर में गोली लगने से विजय की मौके पर ही मौत हो गई। रमेशचंद ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी। घटनास्थल से पुलिस को .32 बोर तीन खोखे मिले हैं। रमेशचंद ने बड़े बेटे संजीव पर हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया। इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह का कहना है कि दोनों भाइयों में संपत्ति का विवाद चल रहा था। जल्द आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पहले भी हुआ था झगड़ा
संपत्ति विवाद में करीब चार साल पूर्व विजय की गाड़ी पर फायरिंग की गई थी। विजय ने भाई पर ही गोलियां बरसाने का आरोप लगाया था। बाद में मामला निपट गया। इसके अलावा दोनों भाइयों में कई बार मारपीट भी हो चुकी थी। जिसे लेकर पुलिस से भी शिकायत की गई। मामले का हर बार सामाधान भी किया गया। लेकिन इन दोनों के बीच का विवाद यूं ही जारी रहा।
हत्या से पूर्व कैमरे बंद किए
संजीव की फैक्ट्री पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में रविवार सुबह वह हाथ में पिस्टल लिए दिखाई दे रहा है, जबकि हत्याकांड से पूर्व संजीव ने कैमरे बंद कर दिए थे। इससे साफ है कि उसने दिन में हुए झगड़े के बाद छोटे भाई की हत्या की योजना बना ली थी। पुलिस इस सीसीटीवी फुटेज की सिरे से तहकीकात करेगी। फिलहाल आरोपित फरार है।