नई सड़क पर युवती से छेड़छाड़, मनचलों की धुनाई
दवाई लेकर लौट रही युवती से नई सड़क पर दो मनचलों ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर उसका हाथ पकड़ लिया और खींचने का प्रयास किया। इसी बीच युवती ने परिचित महिलाओं को फोन कर बुला लिया।
मेरठ, जेएनएन। दवाई लेकर लौट रही युवती से नई सड़क पर दो मनचलों ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर उसका हाथ पकड़ लिया और खींचने का प्रयास किया। इसी बीच युवती ने परिचित महिलाओं को फोन कर बुला लिया। उन्होंने मनचलों की पिटाई कर दी। आसपास के लोगों ने भी खूब पीटा। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
भावनपुर थाना क्षेत्र निवासी युवती शुक्रवार दोपहर शास्त्रीनगर में बीमार मां के लिए दवाई लेने आई थीं। लौटते वक्त नई सड़क पर दो मनचले उसके पीछे लग गए। टिप्पणी करते हुए छेड़छाड़ करने लगे। इसी बीच युवती ने ज्योति जन कल्याण महिला समिति की अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल और ममता शर्मा को फोन कर दिया। उन्होंने युवती को किसी दुकान के पास खड़े होने के लिए कहा। इस दौरान युवकों ने उसका हाथ पकड़ लिया और खींचने का प्रयास किया। कुछ ही देर में ममता शर्मा और ज्योति अग्रवाल पहुंच गई और उन्होंने दोनों मनचलों को पकड़ कर पिटाई करनी शुरू कर दी। आरोपितों के नाम सुनील कुमार और श्याम सिंह निवासी उत्तराखंड हैं। दोनों गढ़ रोड स्थित एक होटल में काम करते हैं। युवती और ज्योति अग्रवाल ने आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर क्राइम राम संजीवन ने बताया कि आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री से की जाएगी शिकायत
ज्योति अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं और युवतियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सेंट्रल मार्केट और नई सड़क पर मनचले घूमते रहते हैं, जबकि पुलिस कहीं दिखाई नहीं देती है। आए दिन छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी। सीएम तो महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर हैं, लेकिन पुलिस सुधरने को तैयार नहीं है।
एक दिन पहले हुई थी लूट
नौचंदी थाना क्षेत्र में बदमाशों का बोलबाला है। एक दिन पहले ही महिला बैंक मैनेजर से बाइक सवार बदमाश ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोप है कि सूचना के काफी देर बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे थे। इसको लेकर लोगों ने रोष भी व्यक्त किया था।
किशोरी से छेड़छाड़, विरोध पर मारपीट
थाना क्षेत्र के एक गाव में मामा के घर आई किशोरी के साथ प्रधान के गुर्गो ने छेड़छाड़ की। जब उसने विरोध किया तो आरोपितों ने उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट की। वहा से बचकर किशोरी मामा के घर पहुंची तो आरोपितों ने घर पर पथराव कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। आरोप है कि थाना पुलिस ने अभी तक किसी आरोपित को नहीं पकड़ा है। थाना पुलिस का कहना है कि जाच के बाद कार्रवाई होगी।