शराब के नशे में वुशु खिलाड़ी ने मचाया उत्पात
दीपावली के दिन शराब के नशे में राष्ट्रीय स्तर के वुशु खिलाड़ी ने जमकर उत्पात मचाया।
मेरठ, जेएनएन। दीपावली के दिन शराब के नशे में राष्ट्रीय स्तर के वुशु खिलाड़ी ने जमकर उत्पात मचाया। खिलाड़ी मोहल्ले के कई घरों में घुस गया और तोड़फोड़ की। विरोध करने पर एक युवक को घायल भी कर दिया। देर रात पुलिस खिलाड़ी को थाने ले गई।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के संजय नगर निवासी नवीन कुमार राष्ट्रीय स्तर का वुशु खिलाड़ी है। आरोप है कि शनिवार देर शाम दीपावली पूजन के बाद नवीन कुमार ने दोस्तों के साथ शराब पी। ज्यादा नशा होने पर वह आस पड़ोस के लोगों को गाली देने लगा। नवीन ने थाने में भी उत्पात मचाया। सिविल लाइन थाना प्रभारी का कहना है कि रविवार को नवीन का चालान कर दिया।
बंद तीन मकानों के ताले तोड़कर चोरी
मोदीपुरम : पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की शीलकुंज कालोनी के पास बंद तीन मकानों में शनिवार रात ताले तोड़कर चोरी हो गई। तीनों मकानों के परिजन दीपावली के मौके पर अपने गांव गए हुए थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी की। पल्लवपुरम एसओ दिग्विजय नाथ शाही का कहना है कि अभी किसी तरह कोई तहरीर नहीं आई है। तीनों मकान के स्वामी भी बाहर से अभी आए नहीं हैं। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।
दुल्हैड़ा चुंगी पर सड़क हादसे में बाइक सवार घायल
पल्लवपुरम एसओ दिग्विजय नाथ शाही ने बताया कि दुल्हैड़ा निवासी पिटू उर्फ अमित बाइक पर सवार होकर पल्लवपुरम से अपने मकान दुल्हैड़ा में जा रहा था। दुल्हैड़ा चुंगी के पास डिवाइडर कट से मुड़ते समय मुजफ्फरनगर की तरफ से दिल्ली जा रही रोडवेज बस की टक्कर पिटू दूर जा गिरा। बस में बैठी सवायिों में चीख पुकार मच गई। ड्राइवर बस को छोड़ फरार हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। एसओ ने कहा कि तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं रोडवेज बस में बैठी सवारियों को दूसरी बस में बैठाकर रवाना कराया है।